हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का असर: आज से तीन दिन तक होगी बारिश

उत्तर पर्वतीय क्षेत्रों में सक्रिय हुए मध्यम श्रेणी के पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार को प्रदेश के मौसम में बदलाव आएगा। इस दौरान 1 से 3 मार्च तक प्रदेश में बारिश होगी। साथ ही कहीं-कहीं ओलावृष्टि के भी आसार है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से वीरवार रात से बादल छाने शुरू हो गए थे। शुक्रवार को इसके प्रभाव से हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेगी। हालांकि पहले दिन पूरे प्रदेश में इसका असर दिखाई नहीं देगा। मगर, 2 मार्च को पूरे प्रदेश पर इसका असर होगा।
दूसरे दिन कुछ स्थानों पर ओले गिरने की संभावना भी रहेगी। इसके बाद 3 मार्च को भी कुछ जगहों से हल्की से मध्यम बारिश होगी। बादल छाए रहने के कारण इन तीन दिनों में रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। हालांकि इसके बाद धुंध छाएगी और तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आएगी।
फरवरी में प्रदेश में हुई 15.2 एमएम बारिश, सामान्य से 12 प्रतिशत कम
बारिश के लिहाज से फरवरी माह ठीकठाक गया। इस दौरान प्रदेश में 15.2 एमएम बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 12 प्रतिशत कम रही। प्रदेश में इस माह में 17.3 एमएम सामान्य बारिश होती है।
अलग-अलग जिलों में मौसम का हाल
झज्जर में सुबह से मौसम साफ है। तेज धूप निकली हुई है। दोपहर को बादलवाही छाने की उम्मीद हैं। अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 18 डिग्री दर्ज किया गया।
सोनीपत में सुबह से मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है। बादलों और सूर्य के बीच आंख मिचौली चल रही है। न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वीरवार को न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री व अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। हवा का प्रवाह थमने से वायु गुणवत्ता सूचकांक में वृद्धि हुई है। एक्यूआई 116 दर्ज किया गया।
नारनौल में सुबह से बादल छाए हुए है। नारनौल में न्यूनतम 12.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने महेंद्रगढ़, दादरी भिवानी, हिसार में दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
रेवाड़ी में सुबह से ही धूप निकली हुई है। हवाएं भी चल रही हैं। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
करनाल में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और बीच-बीच में धूप भी निकल रही है। पानीपत में आसमान में सुबह ही हल्के से मध्यम बादल छाए हुए हैं। अधिकतम तापमान 26 डिग्री व न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अंबाला में भी बादल छाए हुए हैं। आज दिन के तापमान में भी कमी देखने को मिल सकती है। धूप न निकलने से हल्की सर्दी भी महसूस हो रही है। कैथल में एक बार फिर से मौसम में बदलाव हुआ है। इसके लिए सुबह सही आसमान में बादल छाए हैं। इससे ठंडक महसूस हुई है। मौसम विभाग के पूर्व अनुमान के तहत आज व कल बारिश होने की संभावना है।
कुरुक्षेत्र में आज मौसम में सुबह से ही बदलाव है। बादल छाए हुए हैं तो ठंडी हवाएं भी चल रही है। अधिकतम तापमान 24 व न्यूनतम 17 डिग्री दर्ज किया गया है। कल शनिवार को बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही है।





