नौकरी का अजीब एड, सैलरी लेने की जगह कर्मी को देने होंगे पैसे!

इंसान नौकरी क्यों करता है? इसका सीधा सा जवाब ये है कि नौकरी करने से उसे पैसे मिलते हैं, जिससे वो अपनी रोजमर्रा की जिंदगी के खर्चों को उठा पाता है और जीवनयापन करता है. पर सोचिए कि अगर आपको नौकरी तो मिले, पर उसको करने के लिए पैसे ना मिलें, बल्कि आपको खुद ही अपनी जेब से पैसे देने हों तो आप क्या करेंगे? सबसे पहले तो आप ऐसी नौकरी को ही अजीबोगरीब और किसी तरह का मजाक कहेंगे. पर ये मजाक नहीं है. हाल ही में ऐसी ही नौकरी का एक एड यानी विज्ञापन (Weird Advertisement for Nanny England) ब्रिटेन में शेयर किया गया, जिसके बाद लोगों ने उस विज्ञापन को इतना ट्रोल किया कि जिस वेबसाइट पर उसे डाला गया था, उसे विज्ञापन को ही हटाना पड़ा.

मिरर वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार ‘स्पेयर रूम’ नाम की वेबसाइट पर हाल ही में एक नौकरी के लिए विज्ञापन (Nanny Advertisement Viral) शेयर किया गया. ये नौकरी एक नैनी, यानी दाई की थी. अक्सर अमीर लोग अपने बच्चों को पालने-पोसने के लिए दाई रख लेते हैं. दाई पूरे दिन उनके घर पर ही रुकती है, बच्चे को खिलाती-पिलाती, नहलाती-धुलाती, सुलाती और उसकी तमाम जरूरतों का ख्याल रखती है. इसके लिए उसे पैसे मिलते हैं. पर इस विज्ञापन में कहा गया है कि जो भी इस नौकरी को करना चाहता है, उसे पैसे मिलने की जगह, अपनी जेब से देने पड़ेंगे.

नौकरी करने के लिए देने होंगे पैसे
साउथ वेस्ट लंदन के क्लैपहैम (Clapham, South West London) में एक घर के लिए ये विज्ञापन था, जिसे हटा लिया गया है. उसमें लिखा था कि उन्हें किसी युवा की जरूरत है, जो प्यारा हो, शांत हो, साफ-सफाई से रहता हो, व्यवस्थित हो और पार्टी ना करता हो. उनकी डिमांड है कि वो युवा उनके 1 से 3 साल तक के बच्चों को संभाले और 9 स्क्वेयर फीट के एक छोटे से घर में सोमवार से शुक्रवार, 21 घंटे के लिए काम करे और बच्चों की देखभाल करे. इतना ही नहीं, जिस महिला ने इस विज्ञापन को डाला, उसकी डिमांड थी कि उसके बच्चों का ख्याल रखने के लिए नौकरी करने वाले व्यक्ति को 42 हजार रुपये प्रति माह उन्हें देने पड़ेंगे.

वेबसाइट ने हटाया विज्ञापन
लोगों ने इस विज्ञापन पर गुस्सा व्यक्त किया और इसे एक प्रकार का मजाक समझा. कई लोगों ने वेबसाइट में इस विज्ञापन की शिकायत की और फिर 27 फरवरी को वेबसाइट ने इस विज्ञापन को वेबसाइट से हटा दिया. कंपनी ने कहा कि उन्होंने विज्ञापन को इसलिए हटाया क्योंकि कमरे के किराये और नौकरी के पैसे को लेकर स्पष्टता नहीं है. उस इलाके में कमरों का किराया 1000 पाउंड (1 लाख रुपये) तक है. अब अगर किराया 42 हजार लिया जा रहा है, तो शायद बाकी के बचे हुए रुपये, दाई की सैलरी का भाग होगा, पर इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है.

Back to top button