तालिबान ने एक और शख्स को सार्वजनिक रूप से दी मौत की सजा

अफगानिस्तान में तालिबान शासन के दौरान एक बार फिर से सार्वजनिक रूप से मौत की सजा देने की घटनाएं बढ़ गई हैं। उत्तरी अफगानिस्तान में सोमवार को हत्या के दोषी एक व्यक्ति को सार्वजनिक रूप से मौत की सजा दी गई। यह सजा एक खेल स्टेडियम में हजारों लोगों के सामने दी गई। पिछले पांच दिनों में दी जाने वाली यह तीसरी ऐसी मौत की सजा है।
मृतक के भाई ने दोषी को मारी गोली
मारे गए व्यक्ति के भाई ने दोषी को राइफल से पांच गोलियां मारीं। स्टेडियम के आसपास कड़ी सुरक्षा की गई थी। अगस्त 2021 में तालिबान द्वारा अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज होने के बाद से यह पांचवीं सार्वजनिक मौत की सजा है। तालिबान सरकार की ओर से इसे लेकर अभी कोई टिप्पणी नहीं की गई है। सजा पाने वाले व्यक्ति की पहचान फरयाब प्रांत के नजर मोहम्मद के रूप में हुई है। उसने फरयाब प्रांत के ही खल मोहम्मद की हत्या कर दी थी।
हजारों लोगों के सामने दी सजा
इससे पहले दक्षिणपूर्वी गजनी प्रांत में गुरुवार को तालिबान ने चाकू मारकर हत्या करने के दोषी दो लोगों को मौत की सजा दी थी। पीड़ितों के रिश्तेदारों ने दोनों को गोली मार दी थी। यह सजा भी एक स्टेडियम में हजारों लोगों के सामने दी गई थी।
संयुक्त राष्ट्र ने सत्ता पर कब्जा करने के बाद से सार्वजनिक रूप से हत्याएं करने, कोड़े मारने और पथराव के लिए तालिबान की कड़ी आलोचना की है और देश के शासकों से ऐसी प्रथाओं को रोकने का आह्वान किया है।





