चार्ली मंगर का बर्कशायर हैथवे समूह को बनाने में बड़ा योगदान: बफे

दिग्गज वैश्विक निवेशक वारेन बफे ने कहा है कि बर्कशायर हैथवे समूह को बनाने में उनके लंबे समय तक साथी रहे दिवंगत चार्ली मंगर का बड़ा योगदान है। अपने वार्षिक पत्र में बफे ने शेयरधारकों को सलाह देते हुए कहा है कि वे अमेरिकी शेयर बाजार वाल स्ट्रीट के जानकारों या वित्तीय सलाहकारों की बात न सुनें, जो उनसे अक्सर शेयर ट्रेडिंग का आग्रह करते हैं।
बफे ने पत्र में कहा है कि पिछले वर्ष बर्कशायर के बीमा कारोबार ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन यूटिलिटी और बीएनएसएफ रेलरोड कारोबार ने निराश किया है। बफे ने शेयरधारकों को बताया कि उन्होंने आक्सिडेंटल पेट्रोलियम के लगभग 30 प्रतिशत और पांच बड़े जापानी व्यापारिक घरानों में से 9 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की कभी योजना नहीं बनाई है, लेकिन उन्होंने दोहराया कि तेल उत्पादकों को सीधे खरीदने की उनकी कोई योजना नहीं है।
कैलेंडर वर्ष 2023 की चौथी तिमाही में बर्कशायर को मिश्रित निवेश में 37.57 अरब डालर का लाभ हुआ है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 18.08 अरब डालर से दोगुना है।
बफे ने आगाह किया कि निवेशकों को अंतिम आंकड़ों को काफी हद तक नजरअंदाज करना चाहिए, क्योंकि वे कंपनी के निवेश के कागजी मूल्य से बहुत अधिक प्रभावित होते हैं। इसके बजाए लंबी अवधि के निवेशकों को बर्कशायर की परिचालन आय पर ध्यान देना चाहिए।
इसमें निवेश शामिल नहीं है। बीती तिमाही में बर्कशार की संचालन आय 28 प्रतिशत बढ़कर 8.48 अरब डालर रही है जो पिछले वर्ष समान अवधि में 6.63 अरब डालर थी।





