नौकरी छोड़ झाड़ू-पोछा-बर्तन करती है महिला, कोई मजबूरी नहीं!

आज के युग में महिलाओं की भूमिका काफी बदल चुकी है. वे पुरुषों के बराबर ही पढ़-लिख रही हैं और उनकी तरह ही पैसे कमा रही हैं. वे अपनी ज़िंदगी में कुछ अलग करके दिखाना चाहती हैं और अपनी ज़रूरतों के लिए किसी पर भी निर्भर नहीं रहना चाहती हैं. ऐसे में अगर हम आपको किसी ऐसी महिला के बारे में बताएं, जो नौकरी छोड़कर सिर्फ अपने पति की सेवा में लगी रहती है तो आपको अजीब लगेगा.
मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक 25 साल की बेले नाम की महिला का कहना है कि वो पारंपरिक पत्नियों की तरह सिर्फ अपने पति की सेवा में लगी रहती है. उसे इस बात से कोई शिकायत नहीं है कि पूरे घर की साफ-सफाई और घर संभालने की ज़िम्मेदारी सिर्फ उसकी है. ऐसा नहीं है कि वो पढ़ी-लिखी नहीं है. पहले बेले नौकरी भी करती थी लेकिन अब वो सिर्फ पति की सेवा करती है.
झाड़ू-पोछा-बर्तन को ही बना लिया काम
25 साल की बेले के पति नाम ज़ैचरी है, जिनकी उम्र 32 साल है. 6 साल पहले जब बेले ने अपनी बच्ची नोआह को जन्म दिया, तो उन्होंने अपने सारे सपनों को छोड़ दिया. वो बताती हैं कि उन्होंने पारंपरिक पत्नी के तौर पर जेंडर रोल को स्वीकार कर लिया और घर में रहकर पति और बच्ची का ख्याल रखने लगीं. वो बताती हैं कि पति नौकरी पर जाते हैं और इस बीच में वो घर के छोटे-बड़े सारे काम करती हैं और पति की हर ज़रूरत का ख्याल रखती हैं. खाना बनाना, सफाई करना और घर को एक ऑर्डर में रखना उनका काम है.
पहले बनना चाहती थीं आत्मनिर्भर
बेले बताती हैं कि वो पहले आत्मनिर्भर बनना चाहती थीं और उनके अपने सपने थे. वो बात अलग है कि उन्होंने अपने पति के मिलने के बाद अपना इरादा बदल दिया. हालांकि उनके इस फैसले को लेकर लोग तरह-तरह के कमेंट करते हैं लेकिन उन्हें फर्क नहीं पड़ता. कुछ लोग कहते हैं कि वो गुलामों की ज़िंदगी जी रही हैं तो कुछ का कहना है कि ये उनकी अपनी लाइफ है, जिसके फैसले वो ले सकती हैं. वैसे विदेशों में ट्रेडिशनल वाइफ बनने का चलन इस वक्त खूब चल पड़ा है. महिलाएं पति से भत्ता लेकर घर के काम करती हैं.





