सुखबीर बादल को बड़ा झटका, जाने पूरा मामला

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कार्यकारिणी चुनाव के लिए शुरू हुई जोड़-तोड़ के बीच बुधवार को सुखबीर बादल की अगुवाई वाली पार्टी शिरोमणि अकाली दल फिर टूट गई। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली कमेटी के पूर्व महासचिव गुरमीत सिंह शंटी सहित 4 वर्तमान कमेटी सदस्यों गुरप्रीत सिंह खन्ना, परमजीत सिंह खुराना और इंद्रप्रीत सिंह कोछड़ ने पार्टी छोड़ दी।

सभी नेता दिल्ली कमेटी के सत्ताधारी दल शिरोमणि अकाली दल दिल्ली स्टेट में शामिल हो गए। बुधवार को हुए इस ऐतिहासिक सियासी घटनाक्रम से दिल्ली की सिख सियासत गरमा गई है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका एवं महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने उक्त नेताओं का स्वागत किया और पार्टी में विधिवत रूप से शामिल करवाया। साथ ही कहा कि लोग दिल्ली कमेटी की मौजूदा टीम द्वारा धार्मिक, चिकित्सा व शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों व मानवता के लिए निभाई जा रही सेवा के चलते पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व महासचिव गुरमीत सिंह शंटी, सदस्य गुरप्रीत सिंह खन्ना, परमजीत सिंह खुराना और इंद्रप्रीत सिंह कोछड़ को आने वाले समय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

इस मौके पर गुरमीत सिंह शंटी ने  कहा कि दिल्ली शहर से लेकर देश के कोने-कोने और विदेश में भी सिख समुदाय और मानवता की सेवा के लिए शिरोमणि अकाली दल दिल्ली प्रदेश के नेतृत्व के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कड़ी मेहनत से काम करेंगे। बड़ी संख्या में दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारी और सदस्यगण इस मौके पर मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का कार्यकारिणी चुनाव जनवरी में ही प्रस्तावित था, लेकिन सदस्यों की संख्या कम होने के चलते नहीं हुआ। अब वर्तमान सत्ताधारी दल के पास पर्याप्त संख्या में सदस्य हो गए हैं लिहाजा आने वाले समय में जल्द चुनाव हो सकता है। शिरोमणी अकाली दल के प्रदेश अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के तहत 4 नेताओं को पार्टी से स्थायी रूप से बर्खास्त कर दिया है।

Back to top button