हरियाणा: मातुराम हलवाई के बाद अब सीताराम हलवाई की दुकान पर फायरिंग…

रोहतक स्थित सांपला के प्रसिद्ध सीताराम हलवाई की दुकान पर भाऊ गैंग द्वारा फायरिंग करने का मामला सामने आया है। आज सुबह करीब छह बजे कार में आए पांच-छह युवकों ने फायरिंग की है। सांपला के रेलवे रोड स्थित सीताराम हलवाई की दुकान पर गोलियां चलाने के बाद बदमाशों ने एक पर्ची फेंकी है। इसमें हलवाई से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद
दुकानदार सुनील ने बताया कि सांपला में सीताराम हलवाई के नाम से मिठाईयों की दुकान है। कुछ कारिंदों सफाई का काम करने के लिए शटर खोल रहे थे। इसी दौरान एक कार आई। जिसमें पांच-छह बदमाश आए। उन्होंने आते ही दुकान के आगे खड़े होकर फायरिंग शुरू कर दी। यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। चिट्ठी में लिखा गया है कि एक करोड़ का इंतजाम रखना नहीं तो दुकान चलाने वाले को मार दिया जाएगा। चिट्ठी में अमन ग्रुप भैंसवाल कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग का नाम लिखा गया है। वहीं पुलिस ने टीमें गठित कर दी है और बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।





