हरियाणा: चोरों ने पहले बंद मकान में की चोरी, फिर लगाई आग…

करनाल : करनाल जिले के सालवन गांव से बड़ी खबर सामने आई है। यहां चोरों ने पहले एक मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उसके बाद मकान को आग के हवाले कर दिया। चोरों ने घर में बेटी की शादी के लिए रखे गहनों पर हाथ साफ कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देवरानी के ऑपरेशन के बाद करनाल रह रही थी पीड़िता नवीता

सालवन निवासी नवीता पत्नी स्वर्गीय रघुबीर सिंह काफी समय से बीमार रहती है। वह करनाल की बालाजी कॉलोनी में अपने देवर कोरा पहलवान के पास गई हुई थी, वहीं पर उसने दवाई ली और ठीक हो गई। वह करीब दो-ढाई महीने से करनाल में ही रह रही थी, क्योंकि उसकी देवरानी का सिर का ऑपरेशन हुआ था। उन्हें हर दिन चंडीगढ़ चेकअप के लिए जाना पड़ता है। उसकी देखभाल के लिए वह वहीं रह रही थी। आगजनी की सूचना मिली तो वह करनाल से लौटी। पीड़िता ने प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है और चोरों को पकड़कर सामान बरामद करने की मांग की है।

बेटी करती है राजस्थान में प्राइवेट जॉब
नवीता ने बताया कि उसकी दो लड़कियां और एक लड़का है, जो पांचवीं में पढ़ता था, लेकिन आर्थिक तंगी की वजह से उसकी पढ़ाई छूट गई। एक लड़की की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी लड़की राजस्थान में प्राइवेट नौकरी करती है। दूसरी बेटी की शादी के लिए ही उसने गहने बनवाकर रखे हुए थे, ताकि शादी में अपनी बेटी को कुछ दे सके। नवीता अपनी पुत्री की शादी करना चाहती थी और उसी के लिए उसने कुछ गहने बनवाए थे। करीब 4 से 5 लाख का सामान शामिल था। नवीता ने पुलिस को बताया कि उसके घर की अलमारी में सोने चांदी के गहने रखे हुए थे, लेकिन उसे वे गायब मिले। चोरों ने घर में घुसकर पहले तो चोरी की और उसके बाद घर में आग लगाई है। पीड़िता ने बताया है कि उसके घर में रखा घरेलू सामान जलकर खाक हो गया है। उसको दोहरी मार पड़ी है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई थी।

Back to top button