घर से इंतजाम के साथ निकलें बाहर! उत्तर प्रदेश के 52 जिलों में बारिश का अलर्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। उत्तर भारत में कुछ जगहों पर धूप तो अब झमाझम बारिश हो रही है। रविवार और सोमवार को राजधानी समेत प्रदेश के 52 जिलों में तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। आगरा में सुबह बूंदाबांदी होने से मौसम में ठंडक और बढ़ी है। मौसम विभाग ने 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चलने और वज्रपात की चेतावनी दी है। ओला भी गिरने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार मिश्र के मुताबिक, शनिवार शाम से ही राजधानी में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। रविवार व सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश होगी। करीब 39 जिलों में मंगलवार को भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम पारा में करीब तीन-चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। सात फरवरी से फिर मौसम साफ हो जाएगा और धूप निकलेगी। 15 फरवरी के बाद सर्दी का असर काफी कम हो जाएगा।

वहीं, ताज नगरी आगरा में शनिवार को बारिश हुई। बारिश की वजह से आज शहर में कोहरा कम दिखा। आने वाले 2 दिन तक ऐसा ही मौसम रहेगा। बारिश की वजह से शहर के मोहल्लों में कीचड़ और जलभराव हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक, आज न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान था कि रविवार को ओलावृष्टि या गरज के साथ बौछार पड़ सकती है। सोमवार को भी बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ एक या दो बार बौछार पड़ सकती है।

Back to top button