सोनीपत STF व बदमाशों में मुठभेड़: 3 शूटर सहित अलग-2 जगह से हुई 6 गिरफ्तारियां

सोनीपत जिले में बीती रात एसटीएफ टीम और बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। इसमें दो बदमाशों को गोली लगने के बाद रोहतक पीजीआई ले जाया गया है। वहीं इनके तीसरे साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी तरफ गोहाना में तीन अन्य बदमाशों भी पुलिस ने काबू किया हैं। इन सभी 6 बदमाशों का संबंध गोहाना में मातूराम हलवाई (जलेबी वाला) की दुकान पर हुई फायरिंग और 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने से है।

मुठभेड़ में दो युवकों को लगी गोली
जानकारी के मुताबिक एसटीएफ सोनीपत की टीम बीती रात को खरखौदा बरोणा मार्ग पर गश्त पर थी। इसी दौरान टीम ने वहां से गुजर रही एक कार को रोकने का इशारा किया। STF का कहना है कि कार सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस बदमाशों के पीछे लग गई। मुठभेड़ में दो युवकों हिसार के बालसमंद निवासी साजिद और फरीदाबाद के फरीदपुर निवासी सौरभ को गोली लगी है। इनके तीसरे साथी झज्जर के गांव जाखौदा निवासी जतिन को पुलिस ने काबू कर लिया। दोनों घायलों को सीएचसी खरखौदा लाया गया। डॉक्टरों ने उनको रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। एसटीएफ ने इनके कब्जे से चार विदेशी पिस्टल भी बरामद की है।

गोहाना में 3 बदमाश और गिरफ्तार
दूसरी तरफ गोहाना गोलीकांड को लेकर बनी एसआईटी ने 3 और बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान सिकंदरपुर माजरा निवासी दीपक स्वामी, राम दिनेश उर्फ दिनेश और दीपिन निवासी सांघी रोहतक के तौर पर हुई है। गिरफ्तार तीनों युवकों ने मातूराम की दुकान की रेकी की थी। इसके बाद वहां पर 21 जनवरी रविवार को वारदात की गई। पुलिस ने वारदात में प्रयोग की गई बाइक को बरामद कर लिया है। पुलिस इनको आज कोर्ट में पेश करेगी। मातूराम हलवाई की दुकान पर हुई वारदात के मामले में पुलिस पहले ही एक नाबालिग को गिरफ्तार कर चुकी है। साथ ही पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए रोहतक के सुंडाना गांव निवासी सागर और हिसार के बालसमंद निवासी सज्जन उर्फ काला को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया था।

30 जनवरी को बंद था गोहाना
बता दें कि मातू राम की दुकान पर फायरिंग व फिरौती मांगने की वारदात में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर व्यापारियों ने 30 जनवरी को गोहाना बंद किया था। कोई दुकान नहीं खोली गई थी। हजारों व्यापारियों ने शहर में प्रदर्शन किया था। साथ ही पेट्रोल पंप, निजी स्कूल भी बंद रहे और वकीलों ने भी वर्क सस्पेंड रखा था। व्यापारियों ने बदमाशों की एनकाउंटर की मांग की थी।

21 जनवरी को हुई थी वारदात
गौलतलब है कि गोहाना में पुरानी मंडी के पास शिव चौक पर मातूराम हलवाई की जलेबी की दुकान है। 21 जनवरी को सुबह तीन बदमाश बाइक पर आए थे और इसके बाद उन्होंने दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग की। यहां पर 40 के करीब गोलियां चलाई गई। दुकान पर आया दुधिया बिजेंद्र भी गोली लगने से घायल हो गया था। बदमाशों ने यहां पर्ची फेंक भाऊ गैंग के नाम पर 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। बदमाशों ने बाद में पास की एक अन्य दुकान पर भी फायरिंग की थी।

Back to top button