ठग सरकार की योजना के नाम से मिलती-जुलती साइट बना रहे हैं, इसके झांसे में ना आएं

देश के युवाओं को ठगने के लिए हर दिन तमाम तरह के प्रयास हो रहे हैं। इनमें से एक बड़ा प्रयास सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी है। ये ठग सरकार की योजना के नाम से मिलती-जुलती साइट बना रहे हैं और इन साइट के जरिए लोगों को सरकारी नौकरी देने का दावा किया जा रहा है। इन साइट को इस तरह से डिजाइन किया जा रहा है कि कोई भी धोखा खा जाएगा। सबसे बड़ी बात यह है कि ये वेबसाइट लोगों से नौकरी के आवेदन के नाम पर पैसे भी ले रही हैं।
रोगजगार सेवक की नौकरी के लिए फर्जी वेबसाइट
प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) की फैक्ट चेकिंग टीम ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए बताया है कि रोजगार सेवक नाम की एक साइट है जो कि फर्जी है। यह साइट खुद को मनरेगा की आधिकारिक साइट होने का दावा करती है, लेकिन यह फर्जी वेबसाइट है। इस साइट का यूआरएल www.rojgarsevak.org/ है।
NIC द्वारा साइट को डिजाइन करने का दावा भी फर्जी
सबसे खास बात यह है यह साइट यह भी दावा कर रही है कि इसे NIC ने डिजाइन और डेवलप किया है। बता दें कि सरकार की सभी साइट को NIC ही तैयार करती है। जिन साइट को NIC डिजाइन करती है, उस पर NIC का लोगो रहता है, जबकि रोजगार सेवक की साइट पर ऐसा कुछ भी नहीं है।
इस फर्जी साइट पर कई तरह की वैकेंसी को लेकर नोटिफिकेशन जारी की गई हैं जिसमें एक ग्राम रोजगार सेवक के लिए भी है। यह साइट ग्राम रोजगार सेवक के पद के लिए 37,500 रुपये मासिक सैलरी देने का दावा कर रही है। सच्चाई यह है कि इसका ग्रामीण विकास मंत्रालय से कोई संबंध नहीं है। मनरेगा की आधिकारिक वेबसाइट https://nrega.nic.in है।





