साइबर ठगों ने CBI ऑफिसर बन बुजुर्ग को लगाया था 37 लाख रूपये का चुना

आज के जमाने में हर कोई स्मार्ट फोन लेकर सोशल मीडिया पर बहुत सारा समय बिताता है। आप भी ऐसा करते हैं तो जरा सावधान हो जाए, क्योंकि भिवानी साइबर पुलिस के हत्थे चढ़े युवक साइबर ठग हैं। जो किसी भी एप से फोन नंबर उठाकर अश्लील वीडियो कॉल करते हैं और कॉल रिसाव करने वाले को ब्लैकमेल कर लाखों रुपये ठग लेते हैं। भिवानी में भी ऐसा ही हुआ। इन्होंने 65 वर्षीय एक बुजुर्ग को ऐसे ही चुना लगा कर उसकी जीवन भर की कमाई के 37 लाख रूपये ठग लिए।
पुलिस अधीक्षक वरूण सिंगला ने बताया कि भिवानी के 65 वर्षीय बुजुर्ग के पास 16 जनवरी को एक अश्लील वीडियो कॉल आई, जिसके बाद कॉल करने वाले साइबर ठगों ने उसे सीबीआई तक मामला जाने, एफआईआर होने व ये वीडियो यूट्यूब पर डालने का डर दिखा कर ब्लैकमेल करते हुए 17 व 18 जनवरी को 7 अलग-अलग खातों में करीब 37 लाख रूपए डलवा लिए। इसके बाद वह फिर 20 लाख रूपये की डिमांड करने लगे। इसके बाद अपने पूरे जीवन की जमा पूंजी गंवाने के बाद भी ब्लैकमेलिंग ना रूकने पर पीड़ित बुजुर्ग ने 19 जनवरी को पुलिस में शिकायत दी।
एसपी वरूण सिंगला ने बताया कि शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने ठगों की लोकेशन ट्रेस की और राजस्थान के डीग व भरतपुर जिला से 8 ठगों को काबू किया। एसपी ने बताया कि ये ठग जब पकड़े गए, तब भी लोगों को ठगी का शिकार करने में जुटे हुए थे। उन्होंने बताया कि सभी ठग 18 से 35 साल के हैं और महज 10-12 कक्षा तक पढ़े है। इन ठगों ने ये ठगी का काम अपने गाँव के ही युवकों से सिखा था और कोई 2-3 महीने से तो कोई एक साल से इस ठगी में लगा था।





