राज्यपाल कलराज मिश्र ने मेहंदीपुर बालाजी में लड्डुओं से भरे वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

दौसा के मेहंदीपुर बालाजी में राज्यपाल कलराज मिश्र ने तीन लाख देसी घी के लड्डुओं को गाड़ियों में सवार कर हरी झंडी दिखाई। मेहंदीपुर बालाजी में गुरुवार को राज्यपाल कलराज मिश्र और राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवारी सहित कई नेता पहुंचे। जहां राज्यपाल ने कहा, मैं सामान्य तौर पर कई बार मेहंदीपुर बालाजी दर्शन के लिए आता रहता हूं, आज यह मेरा सौभाग्य है कि राममंदिर के लिए जाने वाला प्रसाद महंत नरेशपुरी के द्वारा मेरी उपस्थिति में यहां से अयोध्या के लिए रवाना किया गया है।
इस मौके पर राज्यपाल मिश्र ने कहा कि वह राममंदिर आंदोलन का हिस्सा भी हुआ करते थे। छह दिसंबर को जब अयोध्या में आंदोलन हो रहा था, वे मौके पर वहीं मौजूद थे और आज उन्हें सबसे ज्यादा खुशी है कि राममंदिर बन रहा है। लड्डुओं को मेहंदीपुर बालाजी से अयोध्या रवाना करने से पहले विधिवत पूजा अर्चना करके रवाना किया गया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवारी ने कहा है कि यह बड़ा हर्ष का विषय है कि मेहंदीपुर बालाजी द्वारा अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दौरान प्रसाद सहित कई और व्यवस्थाएं की गई हैं, जो काबिले तारीफ है।
इस मौके पर महंत नरेशपुरी ने कहा कि भगवान श्रीराम के कार्य करने के लिए हनुमान जी हमेशा तैयार रहते हैं और यही कार्य मेहंदीपुर बालाजी ट्रस्ट द्वारा भगवान राम का कार्य होने के कारण हमारी आस्था के प्रभु श्रीराम के लिए किया गया है।
प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में जयपुर की देसी घी से निर्मित बूंदी का लगेगा भोग
प्रभु श्रीराम के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में गुरुवार को जयपुर से अयोध्या धाम प्रसाद भेजा गया। कार्यक्रम संयोजक विहिप केंद्रीय समिति सदस्य दामोदर दास मोदी ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में जयपुर की शुद्ध देसी घी से निर्मित बूंदी के प्रसाद का भोग लगाया जाएगा, जिसके हेतु प्रसाद अर्पण कार्यक्रम में एक लाख प्रसाद के पैकेट अयोध्या धाम भेजे जाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम द्वारा आदर्श विद्या मंदिर, आदर्श नगर जयपुर से प्रसाद ले जा रहे वाहन को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद प्रांत उपाध्यक्ष सुभद्र पापड़ीवाल, प्रांत संगठन मंत्री राधेश्याम, प्रांत मंत्री अशोक डीडवाना के साथ जयपुर शहर से सांसद रामचरण बोहरा, हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य, मालवीय नगर विधायक कालीचरण सर्राफ भी उपस्थित रहे।





