ठंड बढ़ाएगी हरियाणावासियों की मुश्किलें: पूरे सप्ताह राहत के आसार नहीं

चंडीगढ़ : हरियाणा को सर्दी के सितम से फिलहाल राहत के आसार नहीं है। लगातार 7 दिन तक ठंड रात व दिन दोनों ही समय सताने वाली है। मौसम विभाग ने 4 जिलों अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में घने कोहरे के साथ ही शीत लहर का रेड अलर्ट जारी किया है। अन्य 10 जिले पंचकूला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी के लोगों को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को एहतियात से रहने की सलाह दी है।
इसलिए ठंड से राहत नहीं
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार सर्द दिन की अवधि बढ़ी है। आमतौर पर जनवरी के पहले हफ्ते तक सर्द दिन दर्ज किए जाते रहे हैं। इसकी एक वजह यह भी है कि इस समय कोहरे की मोटी चादर है। इस वजह से सर्द दिन दर्ज किए जा रहे हैं। कोहरा छंटने के बाद ही राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने अपने ताजा पूर्वानुमान में बताया है कि इस पूरे हफ्ते कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
हरियाणा में पिछले 22 दिन से बेहद सर्द दिन दर्ज किए जा रहे हैं। पिछले 15 दिन से राज्य में घन से अतिघना कोहरा छाया हुआ है। सूबे के अधिकांश जिलों में घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी 25 मीटर के आसपास दर्ज की गई।





