शादी के मंडप से दुल्हन गिरफ्तार, दूल्हे को भी तलाश रहे पुलिसवाले

शादी में आने वाले मेहमानों से वसूली की कई खबरें आपने पढ़ी होंगी. लेकिन मेक्सिको से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां शादी के मंडप से एक दुल्हन को गिरफ्तार कर लिया गया. दूल्हे को पुलिसवाले तलाश रहे हैं, ताकि उसे भी हिरासत में लिया जा सके. दोनों पर ऐसे आरोप लगे हैं कि जानकर आप हैरान रह जाएंगे.
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, मेक्सिको में शादी समारोह चल रहा था. दूल्हन सफेद गाउन में पहुंची. कुछ देर बाद दूल्हा भी आया. दोनों केक काटने की तैयारी कर रही थे, तभी पुलिस पहुंच गई और दुल्हन को गिरफ्तार कर लिया. दूल्हा भागने में कामयाब हो गया. दुल्हन की पहचान नैन्सी एन के रूप में हुई है, जबकि दूल्हे का नाम क्लेमेंटे एन बताया गया है. क्लेमेंटे एन को स्थानीय लोग ‘रैटन’ या ‘माउस’ भी कहते हैं.
दुल्हन को हथकड़ी में ले जाते दिखाया गया
तस्वीरों में दुल्हन को हथकड़ी में ले जाते दिखाया गया है. मेक्सिको पुलिस के मुताबिक, दोनों पर 22 दिसंबर को मेक्सिको सिटी के पास टोलुका में चिकन व्यापारियों से जबरन वसूली करने का आरोप है. एक पोल्ट्री फार्म के चार कर्मचारियों का भी इन लोगों ने अपहरण किया था, जिसमें कई साथी शामिल थे. इनमें से 6 को गिरफ्तार किया जा चुका है.
पुलिस दूल्हे की तलाश कर रही
अफसरों ने कहा, सभी संगठित अपराधियों के गिरोह ला फैमिलिया मिचोआकाना से जुड़े हुए हैं. ये लोग पोल्ट्री और अंडा व्यवसाइयों से जबरन वसूली करते हैं. न मिलने पर उसके सदस्यों को उठा लेते हैं. फिरौती मांगते हैं. अब तक जो मामले सामने आए हैं, उनसे पता चला है कि इन लोगों ने 47 मिलियन डॉलर से भी अधिक का नुकसान किया है. पुलिस अभी दूल्हे की तलाश कर रही है.





