उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में तापमान में दर्ज की गई गिरावट

देहरादूनः राजधानी देहरादून सहित उत्तराखंड के अन्य पहाड़ी इलाकों में शुक्रवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे पूरा प्रदेश भीषण ठंड की चपेट में आ गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
जबरदस्त ठंड से बढ़ी ठिठुरन के बीच मौसम विभाग ने कहा कि प्रदेश में शीतलहर की स्थिति अगले कुछ दिन अभी बनी रहेगी। देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान में शुक्रवार को 6.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और यह 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को दिन का अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस था। देहरादून में न्यूनतम तापमान भी 6.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
वहीं देहरादून में सुबह धुंध छाई रही और दिन भर धूप का लुका-छिपी का खेल चलता रहा। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में ठंडी हवाएं चलती रहीं और शीत लहर के चलते लोग घरों में दुबकने पर मजबूर हो गए। मौसम विभाग ने 16 जनवरी तक राज्य के हरिद्वार, उधमसिंह नगर जिलों तथा उनसे लगे हुए देहरादून, पौड़ी और नैनीताल जिलों के मैदानी क्षेत्रों में शीत लहर एवं कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना व्यक्त की है।
मौसम विभाग ने उधमसिंह नगर एवं हरिद्वार जिलों में शनिवार के लिए प्रचंड शीतलहर और घने कोहरे का नारंगी अलर्ट जारी करते हुए लोगों को कम दृश्यता के चलते ड्राइविंग में सावधानी बरतने तथा ठंड से बचाव की सलाह दी है। इन जिलों से लगे अन्य जिलों के मैदानी इलाकों में 16 जनवरी तक शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है।





