पंजाब: कड़ाके की ठंड के बीच ‘धुंध का कहर’

जालंधर : शीत लहर का सितम बढ़ता जा रहा है और न्यूनतम तापमान लुढ़कर 5 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया है। हाड़ कंपाने वाली ठंड के प्रकोप के बीच धुंध का कहर पड़ना शुरू हो चुका है जिसके चलते विजिबिल्टी 10 मीटर तक रह गई है। इसी बीच अगले 2-3 दिनों के लिए घने से घने कोहरे की चेतावनी जारी हुई है। हाइवे पर संभलकर चलने का परामर्श जारी किया गया है।
महानगर में धुंध से मिली राहत का क्रम टूट गया है और शहर के अंदरूनी इलाकों में शनिवार रात को भारी धुंध पड़ी, जिससे वाहनों को खासी दिक्कतें पेश आई। स्ट्रीट लाइटों, वाहनों की लाइटों को जलाने के बावजूद 10 मीटर से आगे कुछ भी नजर नहीं आ रहा था।
वहीं, पहाड़ों में हुई बर्फबारी के कारण उत्तर भारत में पानी जमा देने वाली ठंड पड़ने लगी है, जिससे जन-जीवन बुरी तरह से अस्त-व्यस्त होकर रह गया है। इसी बीच आज हुए ताजा हिमपात ने शीत लहर व ठिठुरन को बढ़ाने का काम किया है।
इसी के चलते आज धूप निकलने के बावजूद ठंड से कोई बड़ी राहत नहीं मिली और ठिठुरन के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। त्यौहार के बावजूद बाजारों में रौनक कम रही। शहर के मुख्य बाजारों में दोपहर के समय खाली-खाली नजर आए।
वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ केन्द्र द्वारा पंजाब सहित पड़ोसी राज्यों में रैड अलर्ट घोषित किया गया है। कड़ाके की इस ठंड में विभाग द्वारा जारी किए गए ग्राऊंड फ्रॉस्ट (पानी को जमा देना) की चेतावनी को आगे बढ़ा दिया गया है।
विभाग ने कहा कि आने वाले 2-3 दिनों तक पंजाब में घने से घना कोहरा पड़ेगा और परिवहन सेवाओं का इसका बेहद प्रभाव देखने को मिलेगा। वाहनों को इससे बचाव करने की हिदायतें दी गई है।
इसी बीच पंजाब के कई जिलों में तापमान 2 डिग्री तक पहुंच गया है जबकि जमीन का तापमान 0 डिग्री रिकार्ड किया गया है। वहीं, दूसरे जिलों में तापमान 4 से 6 डिग्री सैल्सियस के बीच दर्ज हुआ है, जोकि भारी ठंड दर्शाता है। विभाग द्वारा जारी किए गए रैड अलर्ट में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
आने वाले दिनों में बढ़ेगा सर्दी का कहर
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार सर्दी ने कुछ सप्ताह की देरी से दस्तक दी थी। इसके चलते ठंड का प्रभाव देरी से देखने को मिला। यही कारण है कि लोहड़ी का पर्व आने के बावजूद ठंड से राहत नहीं मिल पाई है। इस समय मौसम के जो हालात चल रहे है, उसके मुताबिक ठंड का कहर आने वाले दिनों में बढ़ने की संभावना जताई गई।
आमतौर पर भीषण सर्दी से लोहड़ी के दिनों में राहत मिल जाती है, जनवरी का आधा माह बीतने के करीब है लेकिन सर्दी बढ़ती जा रही है। पिछले दिनों कुफरी में हुई बर्फबारी के बाद पंजाब में शीत लहर ने जोर पकड़ लिया था जोकि बदस्तूर जारी है।
ठंड के चलते लोहड़ी के पर्व का आनंद बढ़ा
भारी ठंड में आए लोहड़ी के पर्व ने आग जलाने के आनंद को और भी बढ़ा दिया। शहर में जगह-जगह लोग आग के आसपास बैठे देखे गए। आमतौर पर शाम के बाद लोहड़ी के पर्व का रूझान बढ़ता है लेकिन शीत लहर के कारण दोपहर के समय ही लोग ने लोहड़ी जला ली और आग के आसपास बैठे रहे।





