लड़के ने 4 साल में बढ़ाए 2 फीट बाल, फिर काटकर गर्लफ्रेंड को कर दिए भेंट!

प्यार की परिभाषा को बयान कर पाना मुश्किल है. कोई कहकर प्यार करता है तो कोई सिर्फ अपनी हरकतों से अपने प्यार को जताता है. पर इस शख्स के प्यार करने का जो तरीका है, उसे जानकर आप यही कहेंगे कि शायद ही कोई व्यक्ति अपनी प्रेमिका से ऐसा प्यार कर पाएगा! वो इसलिए क्योंकि इसने अपनी गर्लफ्रेंड को बाल भेंट (Boyfriend gift hair to girlfriend) किए हैं, जिसे उसने 4 साल के लंबे समय के दौरान बढ़ाए थे.
द सन वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका के मिशिगन की रहने वाली 27 साल की हैना हॉस्किंग (Hannah Hosking) की मुलाकात 31 साल के कोडी एनिस (Cody Ennis) से साल 2019 में हुई थी. नवंबर का महीना था और जब कोडी ने हैना को पहली बार देखा तो वो कुछ पल के लिए हैरान भी हुए थे क्योंकि हैना के सिर पर बाल नहीं थे. दरअसल, हैना को एलोपेशिया (alopecia) है, इसका अर्थ है बाल झड़ने की बीमारी. हैना के इतने ज्यादा बाल झड़ने लगे कि उन्होंने अपने सिर को शेव करना शुरू कर दिया था. हालांकि, कोडी को इस बात से कोई परेशानी नहीं थी.
2020 में शुरू किए थे बाल बढ़ाना
मिलने के सिर्फ 6 महीने के अंदर कोडी ने तय किया कि वो अपनी गर्लफ्रेंड को सबसे अच्छा तोहफा देंगे. उन्होंने तय किया कि वो उनके लिए अपने बालों को बढ़ाएंगे, और फिर उसे कटवाकर उसका विग हैना के लिए बनवाएंगे. मई 2020 से कोडी ने बाल बढ़ाना शुरू किया था. शुरुआत में हैना को लगा कि ऐसा नहीं वो पाएगा, वो सफल नहीं हो पाएंगे, तो उन्होंने मजाक में बोल दिया था कि उन्हें लंबे बाल अच्छे लगते हैं. तब कोडी ने कहा था कि उसे पाने में वक्त लगेगा, फिर भी वो कोशिश करेंगे. 2024 तक, यानी 4 सालों तक उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड के लिए बाल बढ़ाए.
गर्लफ्रेंड को गिफ्ट किए बाल
जब उनके बाल ठुड्डी तक आने लगे, तो उन्होंने उसका और भी ज्यादा ख्याल रखना शुरू कर दिया था. शैंपू, कंडीशनर आदि के साथ, वो बालों की चोटी बनाते थे, जिससे वो सॉफ्ट रहें. पिछले साल अक्टूबर में जब उनके बाल 29 इंच तक हो गए, तब वो एक बार्बर के पास गए और अपनी लटों को कटवा दिया. उन्होंने बालों को विग मेकर के पास भेज दिया और 6 जनवरी को हैना के पास 74 हजार रुपये का एक विग पहुंचा जो उनके बॉयफ्रेंड के बालों से बना था. अब उनके पति चाहते हैं कि जब उन दोनों की शादी हो, तो हैना उस विग को शादी वाले दिन भी पहनें.





