हरियाणा के इस जिले में तीसरी बार मिला पाकिस्तान एयरलाइंस का गुब्बारा

फतेहाबाद: जिले के गांव खाबड़ाकलां में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब पाकिस्तान एयरलाइंस का लोगो लगा एक गुब्बारा मिला। जिसको लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खाबड़ाकलां गांव में किसान कृष्ण कुमार के गेहूं के खेत में हवाई जहाज नुमा एक गुब्बारा पड़ा हुआ था। बुधवार सुबह जब वह अपने खेत में गये तो उन्हें यह गुब्बारा दिखाई दिया। कृष्ण कुमार ने इसकी जानकारी ग्रामीणों और पुलिस को दी।
सूचना पाकर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गयी और गुब्बारे को अपने कब्जे में ले लिया। पिछले तीन महीनों में इस तरह की यह तीसरी घटना है। इससे पहले दो नवंबर को गांव भूथनकलां और 19 दिसंबर को गांव शेखुपुर दड़ौली में ऐसे ही गुब्बारे मिले थे।





