15 जनवरी को पिथौरागढ़ दौरे पर आएंगे CM धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आगामी 15 जनवरी को पिथौरागढ़ जिले के दौरे पर आएंगे और इस दौरान वह करोड़ों रुपए की विकास योजनाओं का शिलान्यास तथा लोकार्पण करेंगे।

पिथौरागढ़ की जिलाधिकारी रीना जोशी के अनुसार, मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। जिलाधिकारी ने शनिवार को अधिकारियों को उन विकास योजनाओं की सूची भी तैयार करने को कहा जिनका लोकार्पण या शिलान्यास किया जाना है। वहीं धामी के इस दौरे पर पिथौरागढ़ के देव सिंह मैदान में आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रम में एक विकास प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें केन्द्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं क जानकारी दी जाएगी।

इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों, खिलाड़ियों और स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित किया जाएगा। सीएम के संभावित दौरे को देखते हुए जिलाधिकारी ने देव सिंह मैदान का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Back to top button