सोशल मीडिया पर राष्ट्र विरोधी पोस्ट करने वाले प्रोफेसर इस्तीफा देने के बाद गिरफ्तार

छपरा: बिहार में सारण जिले के जयप्रकाश विश्वविद्यालय के एक सहायक प्रोफेसर ने सोशल मीडिया पर राष्ट्र विरोधी पोस्ट करने के बाद शनिवार को अपने पद से त्यागपत्र दे दिया।

सिवान जिले के गोरियाकोठी स्थित जयप्रकाश विश्वविद्यालय के अंगीभूत नारायण महाविद्यालय के राजनीति शास्त्र विषय के सहायक प्रोफेसर खुर्शीद आलम ने सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर ‘पाकिस्तान और बांग्लादेश जिंदाबाद के नारे के साथ ही मुसलमानों के लिए पुन: एक अलग देश बनाने की मांग’ से संबंधित पोस्ट किया था। इसके बाद शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कुछ नेता और कार्यकर्ता जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो डॉ. रंजीत कुमार से मिलकर उसके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी।

जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति प्रो डॉ. के. सी. सिन्हा के आदेश पर शुक्रवार को ही विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने उक्त सहायक प्रोफेसर के विरुद्ध कारण पृच्छा नोटिस जारी की थी। इसके बाद शनिवार को कारण पृच्छा का जवाब देते हुए सहायक प्रोफेसर खुर्शीद आलम ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। उनके त्यागपत्र को महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. प्रमेंद्र रंजन ने कुलपति के समक्ष भेज दिया है। प्राचार्य प्रो. डॉ. प्रमेंद्र रंजन ने शनिवार को फोन पर बताया कि त्यागपत्र देने के कुछ देर के अंदर ही गोरियाकोठी थाना की पुलिस सहायक प्रोफेसर खुर्शीद आलम अपने साथ लेकर चली गई। 

Back to top button