वन नेशन-वन पोल की हरियाणा से शुरुआत करें: दीपेंद्र हुड्डा

करनाल : दीपेंद्र हुड्डा शनिवार को करनाल के सेक्टर-12 स्थित जाट भवन में आयोजित दलित एकता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वन नेशन-वन पोल से से पैसा बचेगा। यदि ऐसा है तो हरियाणा से ही इसकी शुरूआत करवाएं। कांग्रेस इसके लिए तैयार है। अब सीएम खट्टर कह रहे हैं कि हाईकमान से परमिशन नहीं मिली है। यह तो मुख्यमंत्री का अधिकार क्षेत्र है। वह विधानसभा कभी भी भंग कर सकते हैं।

दीपेंद्र ने कहा कि आज देश में ऐसी ताकतें काबिज हैं जो बाबा साहेब के संविधान को खत्म करने पर आमादा हैं। संवैधानिक संस्थाओं का गला घोंटकर तानाशाही स्थापित करने का प्रयास हो रहा है ताकि गरीब का हक मारा जा सके। हरियाणा सरकार कौशल निगम के जरिए नौकरियों में आरक्षण के अधिकार को खत्म कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हरियाणा को विकास की पटरी से उतार दिया। आज हरियाणा विकास दर में 17वें पायदान पर है।

साढ़े 9 साल में प्रदेश को बेरोजगारी में देश में नंबर वन बना दिया। देश में सबसे अधिक महंगी बिजली हरियाणा में है। सबसे ज्यादा महंगाई व भ्रष्टाचार हरियाणा में हुआ। जजपा ने वायदा किया था कि 5100 रुपए पैंशन देंगे। हम पूछना चाहते हैं कि 5 साल में क्या किसी की 5100 रुपए पैंशन आई है। किसान आंदोलन में 750 किसानों की जान चली गई। इस सरकार ने कर्मचरियों, सरपंचों व गैस्ट टीचरों पर लाठीचार्ज किया। सरकारी आंकड़े बता रहे हैं कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद हरियाणा में दलितों के खिलाफ अपराध बढ़ा है। दीपेंद्र ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर 100-100 गज के मुफ्त प्लाट और उस पर 2 कमरों के मकान की योजना फिर शुरू होगी।

Back to top button