अभी तक नहीं मिली गुरुग्राम मॉडल की डेड बॉडी

2 जनवरी की रात हरियाणा के शहर गुरुग्राम में मॉडल दिव्या की हत्या का खुलासा हुआ था। जिसके बाद पुलिस की जांच शुरु होती है। जांच में पुलिस ने पाया कि उसी दिन सुबह करीब सवा चार बजे होटल संचालक अभिजीत, युवती व एक अन्य होटल के रिसेप्शन पर पहुंचे, जहां से वह होटल के रूम नंबर 111 में गए। पुलिस के मुताबिक, सी.सी.टी.वी. की जांच के दौरान सामने आया कि रात करीब पौने 11 बजे अभिजीत व अन्य कमरे में से कुछ कंबल में लपेटकर ले जाते दिख रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि यह दिव्या का शव था जिसे ले जाया गया है। यह शव एक बी.एम.डब्ल्यू. गाड़ी में ले जाया गया जो अभी तक पुलिस को बरामद नहीं हुई है। जिसके बाद अब पुलिस की शव की तलाश में गुड़गांव सहित हरियाणा व पंजाब के अलग-अलग स्थानों में रेड शुरु कर दी है। गुरुग्राम पुलिस द्वारा 250किमी. का रूट खंगाला जा रहा है। पुलिस को शक है कि गुरुग्राम से हिसार, सिरसा और मानसा से पटियाला रूट पर कहीं डेड बॉडी को ठिकाने लगाया गया हो सकता है।
जिक्रयोग्य है कि शहर के होटल सिटी पॉइंट से सनसनीखेज मामला सामने आया था, जहां गैंगस्टर संदीप गाडोली की गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी गई। 27 वर्षीय युवती की हत्या के बाद शव को एक लग्जरी कार में डाल कर ठिकाने लगाने चला गया। शव को ले जाने की घटना होटल में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई। वहीं युवती की पहचान दिव्या पाहुजा के रूप में हुई है।
युवती के परिजनों को जब युवती का मोबाइल बंद मिला तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जब होटल में जांच शुरू की तो पुलिस के हत्थे सी.सी.टी.वी. फुटेज लग गया। जिसके बाद हरकत में आई पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल में जुट गई। हालांकि पुलिस ने 3 जनवरी को आरोपी अभिजीत और लाश को घसीट कर लेजाने वाले दो नौकरों हेमराज और ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन वारदात के 4 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस को युवती का शव बरामद नहीं हुआ है। अभिजीत के 2 साथी मोहाली से बलराज गिल और हिसार से रवि बांगा फरार चल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए गुरुग्राम पुलिस हरियाणा के साथ-साथ पंजाब व हिमाचल में भी रेड कर रही है। फिलहाल मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस की मानें तो मृतक गैंगस्टर संदीप गाडौली की मुंबई में हुए कथित एनकाउंटर मामले में युवती गवाह थी।





