करनाल: नौकर निकला लूट की साजिश का मास्टरमाइंड, पुलिस ने किया गिरफ्तार…

करनाल : हरियाणा में करनाल के नेशनल हाईवे स्थित नीलकंठ स्टार ढाबे के सामने से कारोबारी संजय गाबा को गोली मार कर कैश व गाड़ी लूटने की मामले में नौकर ही मास्टर माइंड निकला। उसने अपने ही गांव के दो अन्य बदमाशों के साथ मिलकर पूरी प्लानिंग के तहत वारदात को अंजाम दिया। हांलाकि पुलिस ने इस गुत्थी को कुछ घंटों में सुलझा लिया और आरोपी नौकर अमित को गिरफ्तार कर लिया। अन्य दो आरोपियों व गाड़ी को बरामद करने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

दरअसल करनाल में एक व्यापारी अपने नौकर के साथ कैश लेकर दिल्ली स्पेयर पार्ट्स का सामान खरीदने जा रहा था। करनाल में वो दो लोगों को आईटीआई चोंक से दिल्ली जाने के लिए बैठा लेता है, जैसे ही गाड़ी नेशनल हाईवे में दिल्ली की तरफ आगे बढ़ती है तो कुटेल गांव के पास पहले व्यापारी के साथ मारपीट की जाती है और उसके बाद उसके ऊपर देसी कट्टे से फायरिंग की जाती है। फायरिंग में व्यापारी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। जो व्यापारी के पास करीब 2.25 लाख रुपए का कैश था बदमाश वह लेकर फरार हो जाते हैं, वहीं व्यापारी की गाड़ी को भी अपने साथ ले जाते हैं। 

पूछताछ में आरोपी नौकर ने किया ये खुलासा 

वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और व्यापारी को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस को मौके से देसी कट्टा बरामद हुआ है। एक टीम आस-पास के शोरूम से सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी और एक टीम बदमाशों के पीछे लग गई थी। पुलिस ने नौकर से पूछताछ की और उसके बाद आरोपी नौकर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नौकर अमित कई समय से व्यापारी के साथ काम कर रहा था और फायरिंग करने वाले लोग आरोपी के ही दोस्त हैं। नौकर अमित ने बताया कि उसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया है। नौकर अमित की निशानदेही पर उसके दोनों दोस्तों को भी गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। 

Back to top button