10 साल की बेटी ने पिता पर ठोका केस! 2 करोड़ रुपयों की कर डाली मांग…

बाप-बेटी का रिश्ता इस दुनिया में बेहद खास होता है. पिता अपनी बेटी के लिए हीरो जैसा होता है, वो उसके लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार होता है. बेटी को भी पिता से बहुत आशाएं होती हैं, इस कारण कई बार बेटियां, मां की तरह अपने पिता का खयाल रखती हैं. पर क्या आपने कभी सुना है कि कोई बेटी अपने पिता पर ही केस कर दे, वो भी सिर्फ 10 साल की बच्ची! (10 year old girl sue father) इंग्लैंड की एक बच्ची ने ऐसा ही किया है, उसने अपने पिता पर ही केस कर दिया है. कारण काफी चौंकाने वाला है.
डेली मेल न्यूज वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार बकिंघमशायर (Buckinghamshire, England) की रहने वाली आर्डा मोसा (Arda Mosa) नाम की 10 साल की बच्ची ने अपने 51 साल के पिता अब्दुल मोसा (Abdul Mosa) पर केस दर्ज किया है. उसने ये केस अपनी मां हूजन की मदद से किया है. पर सवाल ये उठता है कि पिता ने ऐसा क्या किया कि उसपर केस करने की नौबत आ गई? रिपोर्ट के अनुसार साल 2014 में ये परिवार वेस्ट यॉर्कशायर के लीड्स में रहा करता था. अगस्त के महीने में परिवार फ्रांस से छुट्टियां मनाकर कार के जरिए घर लौट रहा था. वो केंट के ए-20 हाइवे पर थे जब उनकी किया सोल गाड़ी एक लॉरी से टकरा गई.
हादसे में हो गई थी घायल
इस हादसे का कारण ते अब्दुल, क्योंकि वो गलत साइड पर गाड़ी चला रहे थे. इस हादसे में अब्दुल के 7 साल के बेटे आलिन की मौत हो गई, जबकि 6 साल का छोटा भाई आरा बुरी तरह जख्मी हो गया. उस वक्त आर्डा सिर्फ 17 महीने की, यानी करीब डेढ़ साल की थी. उसे भी हादसे में काफी चोटें आईं. उसे देखने में समस्या होने लगी, चीजों को याद करने में वो नाकाम होने लगी. यही नहीं, अब वो अपने हाथ-पैरों का ठीक तरह से इस्तेमाल नहीं कर पाती है, संतुलन कायम रखने में तकलीफ होती है और इसके साथ उसे अवसाद और अत्याधिक थकान की भी समस्या है. दरअसल, उसके दिमाग पर चोट लगी थी, जिसके चलते उसे इन चीजों का सामना आज तक करना पड़ रहा है.
बच्ची ने मांगा मुआवजा
बच्ची अपने साथ हुए हादसे के लिए लंपसम 2 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग कर रही है, इसके अलावा आगे आने वाले समय में होने वाले आर्थिक नुकसानों की भरपाई करने के लिए भी वो पिरियॉडिकल पेमेंट की मांग कर रही है. आपको बता दें कि पिता को साल 2015 में कोर्ट ने जेल से रिहा कर दिया था. तब कोर्ट ने कहा था कि पिता को बेटे की मौत के तौर पर इतनी कड़ी सजा मिली है कि उसे उसका सबक मिल गया है. उन्हें दो साल जेल की सजा, दो साल का सस्पेंशन और 3 साल ड्राइविंग पर बैन की सजा मिली थी.





