दुनिया की सबसे गहरी गुफा, ‘पाताल लोक’ की ओर जाता है रास्ता!

दुनिया में ऐसी कई अजीबोगरीब जगह हैं, जो रोमांच से भरी तो होती ही हैं, लेकिन वहां जोखिम भी कम नहीं होता है. ऐसी ही एक जगह है वेरीओवकिना गुफा (Veryovkina Cave), जो दुनिया की सबसे गहरी ज्ञात गुफा है, जिसकी इतनी गहराई है कि हर कोई उसके अंदर उतरने का साहस नहीं दिखा पाता है. उसके अंदर ऐसा लगता है कि रास्ता ‘पाताल लोक’ की ओर जाता हो, इसलिए उस गुफा को देखने मात्र से ही लोगों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं!
कहां स्थित है ये गुफा?: a-z-animals.com की रिपोर्ट के अनुसार, वेरीओवकिना गुफा की गहराई 2,212 मीटर (7,257 फीट) है. ये गुफा अब्खाजिया (Abkhazia) में अरेबिका मासिफ (Arabika Massif) में स्थित है, जो जॉर्जिया का एक अलग क्षेत्र है. गुफा की वर्तमान गहराई तक यात्रा करने और फिर से सतह पर वापस आने में कम से कम एक पूरा सप्ताह लगता है.
किससे बनी है ये गुफा?
रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि ये गुफा चूना पत्थर से बनी हुई है, जिसको पहली बार 1968 में खोजा गया था, लेकिन तब इस गुफा के काफी हिस्से अज्ञात थे. 1982 में मॉस्को के स्पेलोलॉजी क्लब ने इसके कई हिस्सों को पता लगाया. वेरीओवकिना या वेरेवकिना गुफा (Verëvkina Cave) का नाम एक गुफा गोताखोर अलेक्जेंडर वेरेवकिना (Alexander Verëvkina) के नाम पर रखा गया था, जिनकी 1983 में मृत्यु हो गई थी.
इससे पहले ये गुफा थी सबसे गहरी
Wondermondo.com की रिपोर्ट के अनुसार, मार्च 2018 से पहले दुनिया की सबसे गहरी गुफा होने का खिताब क्रुबेरा गुफा के नाम था, जिसे वोरोन्या गुफा के नाम से भी जाना जाता है. जिसकी गहराई 7,215 फीट (2,199 मीटर), जो जॉर्जिया के अब्खाज़िया के गागरा जिले में स्थित है.
आसान नहीं है वेरीओवकिना गुफा में उतरना
वेरीओवकिना गुफा उतरना बिल्कुल भी आसान नहीं है. इसके अंदर वही लोग जाते हैं, जिनका दिल मजबूत और इरादे पक्के होते हैं. इस गुफा तक जाने के लिए काफी कठिनाइयों से भरा रास्ता है. ये गुफा इतनी प्रसिद्ध है कि इसे देखने के लिए दूर दूर से टूरिस्ट्स आते हैं. हालांकि इस गुफा में बहुत कम ही लोग उतरने में कामयाब होते हैं, लेकिन गुफा की सुंदरता लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है.





