समय से पहुंचती है ट्रेन, फिर आउटर पर क्यों रुक जाती है? जानिए …

अगर आप ट्रेन से यात्रा करने के शौकीन हैं या फिर आपको अक्सर ऐसी यात्राएं करनी होती हैं तो आपने देखा होगा कि ट्रेन स्टेशन आने से पहले आउटर पर जाकर रुक जाती है. इस दौरान बहुत से यात्री झल्लाए हुए दिखाई देते हैं लेकिन उन्हें इस बात का अंदाज़ा नहीं होता है कि आखिर ऐसा होता क्यों है? समय पर ट्रेन पहुंच गई तो उसे रोक क्यों दिया जाता है?

हम आज बात कर रहे हैं आउटर पर ट्रेन रोकने और इसके कारण के बारे में. ऑनलाइन प्लेटफॉर्म कोरा पर लोगों ने सवाल पूछा है- ट्रेन को आउटर पर रोका क्‍यों जाता है? गाड़ी समय पर स्‍टेशन पर पहुंच रही होती है और कुछ दूर पहले ही आउटर पर रोक दी जाती है. आखिर ये कैसा नियम बनाया गया है?

क्या होते हैं आउटर सिग्नल?
लोगों ने इसे लेकर तरह-तरह के जवाब दिए हैं. ऐसे स्टेशन पर जहां 2 आस्पेक्ट वाले सिग्नल होते हैं, वहां ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर लाने से पहले अगर रोकना हो तो पहले इसे आउटर सिग्नल पर रोका जाता है. स्टेशन पर आने से पहले ट्रेन का पहला स्टॉप साइन होता है. इसे स्टेशन से ठीक-ठाक दूरी पर बनाया जाता है. अगर आउटर सिग्नल मौजूद नहीं है तो ट्रेन को होम सिग्नल पर रोका जाता है. आउटर सिग्नल को होम सिग्नल से भी अच्छी-खासी दूरी दी जाती है, ताकि अगर ट्रेन को होम से पहले कहीं रोकने की जरूरत पड़े तो आराम से रोक दिया जाए. इस एरिया को ब्लॉक ओवरलैप कहा जाता है.

क्यों आउटर पर रुकती है गाड़ी?
रेलवे के जानकार बताते हैं कि अब बहुत कम ही ऐसे स्टेशन बचे हैं जहां से पहले आउटर सिग्नल लगा हो. अब अगर गाड़ियां पहले रुकती हैं, तो उसकी सीधी वजह है कि ट्रेन के उस प्लेटफॉर्म पर अगर पहले से गाड़ी मौजूद है, जहां उसे पहुंचना है तो इसे रोक दिया जाता है. यही वजह है कि ट्रेन की स्पीड अच्छी होने के बाद भी प्लेटफॉर्म के इंतज़ार में उसे आउटर एरिया में रोका जाता है. जब तक आगे की ट्रेन हटती नहीं है, तब तक दूसरी ट्रेन को सिग्नल नहीं मिलता.

Back to top button