धरती पर मौजूद है पहाड़ों का जंगल, जहां पेड़ों जैसी उगी पड़ी हैं पहाड़ी चोटियां!

एलियंस या किसी दूसरी दुनिया के बारे में हम नहीं जानते हैं, लेकिन फिल्मों जिस तरह की कल्पना की जाती है, उसके आस-पास ही हम भी सोच पाते हैं. हमारी नजर में दूसरी दुनिया का मतलब हरे-भरे जंगलों से भरे पहाड़, झरने या फिर ऐसे कुछ अद्भुत नजारे होते हैं, जो अविस्मरणीय हों. लेकिन अगर हम ये कहें कि ऐसी ही एक दूसरी दुनिया धरती पर मौजूद है, तो शायद आपको यकीन नहीं होगा. लेकिन ये 100 प्रतिशत सच है. दुनियाभर में कई ऐसी आश्चर्यजनक जगहें हैं, जो किसी रहस्य से कम नहीं हैं. इ ऐसी एक जगह चीन के झंगजियाजी क्षेत्र में स्थित है.
यहां जाकर आपको ऐसा महसूस होगा कि आप धरती पर नहीं, बल्कि किसी फिल्मी सेट या यूं कहें कि एलियंस की दुनिया में आ गए हैं. दरअसल, झंगजियाजी क्षेत्र में एक ऐसी जगह है, जहां पहाड़ों का जंगल मौजूद है. जिस तरह से पेड़-पौधों से भरा जंगल होता है, ठीक उसी तरह से यहां पर हरी-भरी झाड़ियों से लिपटे पहाड़ हैं. मार्बल से बना तियांजी माउंटेन चीन के यून्नान प्रांत के झंगजियाजी क्षेत्र में स्थित है. इसके इर्द-गिर्द बादलों का जमघट एक अलग ही अद्भुत परिदृश्य को दिखाता है, वहीं आस-पास मौजूद जंगल और हरी-भरी झाड़ियां इसके सौंदर्य को और बढ़ा देती हैं.
आखिर कैसे पड़ा नाम?
इस जंगल के नाम का किस्सा भी काफी रोचक है. ऐसा कहा जाता है कि काफी पहले चीन में एक सफल किसान हुआ करते थे, जिनका नाम जियांग डाकुन था. उन्हें ये चोटियां काफी पसंद थीं. उन्होंने ही इसका नाम तियांजी रखा था, जिसका अर्थ स्वर्ग का बच्चा या स्वर्ग का टुकड़ा होता है. प्रकृति के इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए हर साल हजारों सैलानी आते हैं. यहां पर सैलानियों के लिए एक पहाड़ से दूसरे पहाड़ तक जाने के लिए रोपवे भी बने हुए हैं. चीन का ये पहला पार्क था जिसे यूनेस्को ने वर्ल्ड हेरिटेज घोषित किया है.
आखिर कैसे बने ये खंभे जैसे पहाड़?
फिल्मों में ऐसे पहाड़ों को ग्राफिक्स के जरिए बना दिया जाता है, लेकिन असल में तियांजी माउंटेन कुदरत का करिश्मा ही है. इन्हें कुदरत ने खुद गढ़ा है. बताया जाता है कि लगातार कटाव और क्षरण की वजह ये पहाड़ अलग रुप लेते चले गए. यहां मौजूद नमी की वजह से चट्टानों में कटान होती रहती है, जिसके चलते सैंडस्टोर और क्वार्टज़िट की चट्टानें खंभों की तरह आकार लेती गईं.





