उद्योग मंत्री ने कहा- अगले 5 वर्षों में बिहार देश के शीर्ष पांच औद्योगिक राज्यों की श्रेणी में होगा शामिल

पटना: बिहार के उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने घोषणा की कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठा रही है कि अगले पांच वर्षों में बिहार देश के शीर्ष पांच औद्योगिक राज्यों की श्रेणी में पहुंच सके।
समीर कुमार महासेठ ने बुधवार को यहां ‘इन्वेस्टर्स समिट-बिहार बिजनेस कनेक्ट 2023′ के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार ने बिहार के औद्योगीकरण की गति को तेज करने के लिए कई आवश्यक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि औद्योगीकरण के रास्ते में आने वाली सभी बाधाओं को दूर करने के लिए औद्योगिक नीति में बदलाव किए गए हैं।
उद्योग मंत्री ने कहा, ‘हमने यह सुनिश्चित करने का लक्ष्य तय किया है कि बिहार अगले तीन वर्षों में देश के शीर्ष दस औद्योगिक राज्यों में और अगले पांच वर्षों में शीर्ष पांच राज्यों में पहुंच सके। बिहार ने पंजाब, महाराष्ट्र और गुजरात को देश के विकसित और समृद्ध राज्य बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।” उन्होंने जिनका बिहार से नाता है या जो बिहार से किसी भी तरह से जुड़े नहीं हैं, उन्हें भी इस राज्य में विशाल औद्योगिक नेटवर्क बनाने में निवेश के लिए आगे आने का आग्रह किया और कहा कि इससे रोजगार के पर्याप्त अवसर सृजित होंगे।





