सरकार पर जब तक लालू का साया, निवेशक जल्दी नहीं आएंगे बिहार: पूर्व उप मुख्यमंत्री मोदी

पटनाः बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार में जब-तक लालू प्रसाद यादव और उनके पुत्र तेजस्वी यादव सत्ता के केंद्र में रहेंगे, तब तक उनके डरावने 15 साल की याद कर कोई बड़ा निवेशक जल्दी बिहार नहीं आएगा।
सुशील मोदी ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि नीतीश कुमार के आश्वसन पर किसी को भरोसा नहीं है। बिहार में पहले भी दो बार इन्वेस्टर्स समीट हो चुका है। यह कोई पहली बार नहीं हो रहा है। इस बार राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और वामदल जिस उद्यमी गौतम अडाणी को दिन-रात कोसते रहते हैं, उन्हें महागठबंधन सरकार रेड कार्पेट वेलकम दे रही है।
वहीं भाजपा सांसद ने कहा कि नीतीश कुमार ने कभी निवेश लाने के लिए न कोई गंभीर प्रयास किया, न पहले दिए गए आश्वासनों का पालन ही किया। उन्होंने कहा कि बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) ने 2400 इकाइयों में से 1200 इकाइयों के आवंटन रद्द कर दिए और 2011 औद्योगिक नीति के अनुसार, जिन्हें सब्सिडी मिलनी चाहिए थी, उनको अब तक भुगतान नहीं किया गया।
पूर्व उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री रह चुके मोदी ने कहा कि वैट की प्रतिपूर्ति और अनुदान पाने के लिए निवेशकों को पापड़ बेलने पड़ते हैं। इसी तरह वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में हजारों लोगों को 2017-18 के मामले में नोटिस भेज कर तंग तबाह किया जा रहा है।





