अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन: वाटर वेंडिंग मशीनों पर लगे ताले

अंबाला में सस्ते पानी की सुविधा पर पानी फिर गया है। वाटर वेंडिंग मशीनों को इस सुविधा के लिए इस्तेमाल किया जाना था, उन पर ताले हैं। छावनी रेलवे स्टेशन पर लगभग दो हफ्ते से ऐसे ही हालात हैं और इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। मजबूरी में उन्हें 15 रुपये खर्च करके रेल नीर की बोतल खरीदनी पड़ रही है। प्राथमिक जानकारी में यह सामने आया है कि जिस ठेकेदार को वाटर वेंडिंग मशीनों का काम सौंपा था, उसने मशीनों पर कार्यरत कर्मचारियों के सही समय पर रेलवे मेडिकल कार्ड नहीं बनाए।

लगाई गई थी छह मशीनें
अगस्त माह में अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर मंडल की तरफ से वाटर वेंडिंग मशीन लगाई थी। इस सुविधा को सिरे चढ़ाने के लिए बाकायदा प्राइवेट ठेकेदार को ठेका दिया था। ठेकेदार ने नियमों की पालना के तहत सभी प्लेटफार्म पर 2-2 मशीनें लगाई थी। कुछ दिन तो मशीनों से यात्रियों को पानी मिलता रहा। बीच-बीच में मशीन पर तैनात कर्मचारियों ने हेरा-फेरी शुरू कर दी और आठ रुपये की बोतल को 10 रुपये में बेचना शुरू कर दिया। मामला रेलवे के संज्ञान में भी आया तो ठेकेदार पर जुर्माना भी लगाया।

आईआरसीटीसी ने खींचे हाथ
शुरुआती दौर में अंबाला कैंट स्टेशन पर वाटर वेंडिंग मशीन स्थापित करने का काम आईआरसीटीसी की ओर से किया गया, जोकि चार-पांच साल तक अच्छे तरीके से चला, लेकिन अचानक आईआरसीटीसी ने स्टेशन पर लगी आठ मशीनों को बंद कर दिया जो अब रेलवे परिसर के एक कोने में धूल फांक रही हैं। जनरल श्रेणी के यात्रियों से जुड़ी इस सुविधा को शुरू करने की जिम्मेदारी अंबाला मंडल ने चार माह पहले ही अपने कंधों पर ली थी।

इन दरों पर मिलता था पानी
कुल मात्रा खुला कंटेनर के साथ
300 एमएल 01 रुपये 02 रुपये
500 एमएल 03 रुपयेे 05 रुपये
एक लीटर 05 रुपये 08 रुपये
दो लीटर 08 रुपये 12 रुपये
पांच लीटर 20 रुपये 25 रुपये

अधिकारी के अनुसार
मामला संज्ञान में आया है। अगर वाटर वेंडिंग मशीनों पर ताले लगे हैं तो संबंधित ठेकेदार से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा, जरूरत हुई तो जुर्माना भी लगाया जा सकता है। -नवीन कुमार, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।

Back to top button