उत्तराखंड की सुरंग में फंसे मजदूरों के परिजनों से मिले सांसद आदित्य साहू

 झारखंड में भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू बीते शनिवार को ओरमांझी प्रखंड अंतर्गत चुटुपालु के खिराबेड़ा गांव पहुंचे जो जंगलों से घिरा गांव है। इस गांव के 9 लोग उत्तराखंड में मजदूरी करने गए हैं जिसमे 3 मजदूर उत्तराखंड में खनन के दौरान सुरंग में फंसे हैं।      

साहू ने मजदूर चरकू बेदिया की पत्नी रंजो देवी और उसके लड़के अनिल बेदिया से तथा राजेंद्र बेदिया के पिता श्रवण बेदिया और शुकाम बेदिया के पिता बढ़न बेदिया से मुलाकात कर उनका हाल चाल तथा मजदूरों के शीघ्र सकुशल घर लौटने को लेकर ढाढस बंधाया। उन्होंने कहा कि सुरंग से फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए हरसंभव कोशिश जारी है। सभी सुरंग में सुरक्षित हैं और शीघ्र बाहर आकर अपने घर लौटेंगे।

उन्होंने कहा कि गांव में परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। दिव्यांग माता- पिता का सहारा उनका कमाने वाला बेटा ही है। चिंता और भय में जी रहे परिजनों ने इस वर्ष दिवाली के दीए नहीं जलाए। साहू ने कहा कि हादसा को भले नही टाला नहीं जा सकता, लेकिन सरकार में संवेदनशीलता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि घटना के चार दिन से ज्यादा हो जाने के बाद भी राज्य सरकार का कोई प्रतिनिधि, पदाधिकारी मजदूर के परिजनों की सुध लेने नहीं आया। साहू ने प्रखंड के अंचल पदाधिकारी से बात की तथा परिजनों को हर संभव सहायता की बात कही। साहू के साथ भाजपा किसान मोर्चा के अमरनाथ चौधरी, दिलीप मेहता, राजकिशोर साहू सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

Back to top button