पालघर में मवेशी चोरों ने भागने के दौरान पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की, जानिए पूरा मामला

महाराष्ट्र: अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस के एक गश्ती दल ने गुरुवार सुबह करीब पांच बजे जिले के मनोर की ओर जा रहे दो वाहनों, एक इनोवा कार और एक स्कॉर्पियो तथा कई मोटरसाइकिलों को रोका।

महाराष्ट्र के पालघर जिले में कथित तौर पर चोरी के मवेशियों को वाहनों में ले जा रहे एक गिरोह को रोकने का प्रयास करने पर दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि दो मवेशियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन गायों और भैंसों को बचा लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस के एक गश्ती दल ने गुरुवार सुबह करीब पांच बजे जिले के मनोर की ओर जा रहे दो वाहनों, एक इनोवा कार और एक स्कॉर्पियो तथा कई मोटरसाइकिलों को रोका।

उन्होंने बताया कि इनोवा कार ने तेजी से भागने की कोशिश की और एक पुल के पैरापेट में जा घुसी। कार को जब उप निरीक्षक रवींद्र वानखेड़े ने रोकने की कोशिश की तो वह बुरी तरह घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मी राकेश पाटिल ने जब दूसरे वाहन को रोकने का प्रयास किया तो उनके हाथ में चोट लग गई। इस पर पुलिस ने इनोवा, स्कॉर्पियो और दो मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।

इसके बाद इनोवा और स्कॉर्पियो से दो गाय और एक भैंस को भी बचाया। चोरी किए गए मवेशियों के परिवहन में नौ लोग थे, पुलिस ने उनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया। पालघर ग्रामीण के जिला पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने बताया कि अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने पालघर पूर्व के नवली और भागोलेपाड़ा से पशुओं को चुराया था। पुलिस ने जब्त वाहनों से एक दरांती, लोहे की छड़ें और पत्थरों से भरा एक बैग भी बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पालघर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता, शस्त्र अधिनियम और पशु क्रूरता रोकथाम अधिनियम के तहत हत्या के प्रयास सहित दो मामले दर्ज किए हैं।


 

Back to top button