अशोकनगर: बाइक सवार युवकों की ट्रक की चपेट में आने से मौत

अशोक नगर ज़िले में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। ट्रक ने बाइक सवार दोनों युवकों को रौंद दिया। जैसे ही ट्रक के पहिए युवकों के पैर पर आए तो चालक ट्रक को वहीं पर खड़ा करके भाग गया। जैसे तैसे स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन दोनों की जान नहीं बच सकी।
घटना बायपास रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने रात करीब 12 बजे हुई। जोलन खिरिया निवासी जयपाल(26) और गौतम (23) मंडी में हम्माली का काम करते थे। हाल में यादव कॉलोनी में रहते थे। मृतक युवक की परिजनों ने बताया कि दोनों युवकों को अपने काम के पैसे लेना थे। उनके साथ कुछ और लोग भी पहुंचे और बायपास रोड स्थित श्री कृष्णा धर्म कांटे के पास मुकद्दम ने पैसे देने का कह दिया। इसी वजह से सभी लोग वहां पर खड़े थे। मुकद्दम को आने में कुछ देर हुई तो वह अपने साथियों से पैसे लेने का कर वहां से निकल गए। जैसे ही कुछ आगे पहुंचे तो अचानक से ट्रक के नीचे आ गए।
जैसे ही घटना हुई तो ट्रक चालक अपने ट्रक को खड़ा करके भाग निकला। लेकिन ट्रक का पहिया दोनों युवकों के पैर के ऊपर था जिसके कारण दोनों युवक दर्द से चीखते चिल्लाते रहे। लगभग 10 मिनट से अधिक समय तक नीचे ही तड़पते रहे। इस दौरान वहां से निकल रहे स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई और आनन-फानन में लोगों ने जैक लाकर ट्रक को ऊंचा किया जिसके बाद दोनों युवकों को बाहर निकल सके। लेकिन दोनों के पैर बुरी तरह से टूट चुके थे। काफी खून भी बह चुका था।
घटना से कुछ दूर युवकों के साथ ही भी खड़े थे वह भी तुरंत ही मौके पर पहुंच गए। वहां से निकल रहे ऑटो से दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन पहुंचते ही एक युवक जयपाल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरी युवक गौतम का कुछ देर तक उपचार चलता रहा, जिसके बाद रात के समय उसकी भी मौत हो गई। शुक्रवार को दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए।





