गिरफ्तारी के बाद विधायक जसवंत सिंह गज्जनमाजरा की तबीयत बिगड़ी, पी.जी.आई. में भर्ती

 विधानसभा क्षेत्र अमरगढ़ से आम आदमी पार्टी के विधायक जसवंत सिंह गज्जनमाजरा को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ई.डी. की टीम ने गिरफ्तार किया है। वहीं गिरफ्तारी के बाद विधायक की तबीयत बिगड़ गई है, जिसके चलते उन्हें चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है। हिरासत में लिए जाने के बाद विधायक का जालंधर में इलाज हुआ। देर रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद विधायक को पी.जी.आई. चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है। 

जानकारी के मुताबिक विधायक गज्जनमाजरा ने बैंक ऑफ इंडिया से 40 करोड़ का लोन लिया था। ई.डी. को संदेह है कि इसमें मनी लॉन्ड्रिंग शामिल हो सकती है। एजेंसी ने दावा किया है कि जिस उद्देश्य के लिए कर्ज लिया गया था, उसके बजाय पैसा कहीं और खर्च किया गया था। सूत्रों के मुताबिक, विधायक तारा कॉर्पोरेशन नामक कंपनी में निदेशक हैं। ई.डी. अधिकारियों ने बताया कि विधायक जसवंत सिंह गज्जनमाजरा को पहले भी कई बार समन भेजा गया था, लेकिन वह पेश नहीं हुए। ई.डी. के अधिकारी नोटिस लेकर गए थे। अधिकारियों का आरोप है कि विधायक पूछताछ में सहयोग करने से इनकार कर रहे हैं। ई.डी. पहले ही विधायक गज्जन माजरा के कई ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है।

Back to top button