किंग्स इलेवन की रोमांचक जीत, प्लेऑफ की उम्मीद अभी भी कायम

आईपीएल-10 के 51वें मुकाबले में गुरुवार रात मुंबई और पंजाब की टीमें आमने-सामने थीं। इस मैच में रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए किंग्स इलेवन पंजाब ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 230 रन बनाए। मुंबई को जीत के लिए 231 रन बनाने थे। जवाब में मुंबई की टीम ने प्रयास तो शानदार किया लेकिन वे 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 223 रन ही बना सके और 7 रन से मैच गंवा दिया। इसके साथ ही पंजाब की प्लेऑफ की उम्मीदें अब भी कायम हैं।किंग्स इलेवन की रोमांचक जीत

साहा की शानदार पारी

पंजाब को पहला झटका करन शर्मा ने दिया। खतरनाक बल्लेबाजी कर रहे मार्टिन गप्टिल को करन ने हार्दिक पांड्या के हाथों कैच आउट करवा दिया। गप्टिल ने 18 गेंदों पर 36 रन बनाए। पंजाब का दूसरा विकेट जसप्रीत बुमराह ने लिया। बुमराह ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे कप्तान मैक्सवेल को क्लीन बोल्ड कर दिया। मैक्सी ने 21 गेंदों पर 47 रन बनाए। शॉन मार्श को मैक्लेघन ने विकेट के पीछे पार्थिव पटेल के हाथों कैच करवा दिया। मार्श ने 16 गेंदों पर 25 रन बनाए। साहा ने कमाल की पारी खेली और 55 गेंदों पर नाबाद 93 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अक्षर पटेल 19 रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई की तरफ से मैक्लेघन, बुमराह और करन शर्मा को एक-एक विकेट मिले।

मुंबई का शानदार प्रयास

जवाब में उतरी मुंबई की टीम के ओपनर्स लेंडल सिमंस और पार्थिव पटेल ने जोरदार शुरुआत की। दोनों ने पावरप्ले (शुरुआती छह ओवर) में स्कोर 68 रन तक पहुंचा दिया। इसके बाद सिमंस ने 27 गेंदों पर इस सीजन का अपना दूसरा अर्धशतक भी जड़ दिया। इसके बाद पार्थिव पटेल 23 गेंदों पर 38 रनों की पारी खेलकर 99 के टीम स्कोर पर नौवें ओवर में मोहित शर्मा की गेंद पर कैच आउट हो गए। इसके बाद पंजाब के लिए सबसे बड़ा खतरा थे लेंडल सिमंस जो लगातार रनों की रफ्तार बनाए हुए थे। इसी बीच 10वें ओवर में मैक्सवेल की गेंद पर सिमंस ने एक लंबा शॉट खेला जो छक्के के लिए जाता नजर आ रहा था लेकिन बाउंड्री के करीब खड़े मार्टिन गप्टिल ने छलांग लगाकर एक हाथ से बेहतरीन कैच पकड़ा और सिमंस को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। सिमंस ने 32 गेंदों पर 59 रनों की पारी खेली।

12वें ओवर में राहुल तेवतिया ने कप्तान रोहित शर्मा (5) को और 13वें ओवर में अक्षर पटेल ने नीतीश राणा (12) को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। इसके बाद अगले ओवर में नीतीश राणा (12) भी अक्षर पटेल की गेंद पर आउट हो गए। वहीं 17वें ओवर में हार्दिक पांड्या 13 गेंदों पर 30 रनों की धुआंधार पारी खेलकर संदीप शर्मा की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद करण शर्मा ने 6 गेंदों पर धुआंधार 19 रन बनाए और उनको 18वें ओवर की अंतिम गेंद पर मोहित शर्मा ने बोल्ड कर दिया। हालांकि एक छोर पर कीरोन पोलार्ड टिके हुए थे और शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे।

अंतिम ओवर का रोमांच

अंतिम ओवर में मुंबई को 16 रनों की जरूरत थी। कप्तान मैक्सवेल ने गेंद मोहित शर्मा को थमा दी। इस ओवर में मोहित ने शानदार गेंदबाजी की और मुंबई की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 223 रन ही बनाए और ये मैच 7 रन से गंवा दिया।

इस मैच के लिए पंजाब में एक बदलाव किया गया है। स्वप्निल सिंह की जगह टीम में तेज गेंदबाज इशांत शर्मा को शामिल किया गया है। मुंबई की टीम में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है। मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ में जगह सुरक्षित कर चुका है।

Back to top button