व्रत में बनाएं सिंघाड़े के आटे की पूड़ी, जानिए बनाने की विधि

नवरात्रि के व्रत के खाने में सिंघाड़े का आटा एक प्रमुख सामग्री होती है। यह सात्विक होने के साथ सुपाच्य भी होता है और सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। व्रत में अक्सर सिंघाड़े के आटे का हलवा बनाया जाता है। यह बहुत ही टेस्टी होता है। लेकिन आज हम आपको बताने जा रहे हैं सिंघाड़े के आटे की पूड़ी बनाने की रेसिपी जो होती है बहुत ही स्वादिष्ट।

विधि :

सिंघाड़े का आटा आजकल पैकेट में उपलब्ध है। पहले लोग सिंघाड़े को कूट कर, पीस कर और चाल कर इसका आटा तैयार करते थे। आप मार्केट से पैकेट खरीद सकती हैं।

कच्चा केला लें। इसे छील कर दो बड़े टुकड़े में काट कर प्रेशर कुकर में एक दो सीटी में उबाल लें।

आप केला की जगह उबला आलू भी डाल सकते हैं। इसका काम बाइंडिंग का है और केला डालने से ये अधिक पौष्टिक हो जाता है। इसलिए पसंद के हिसाब से आप आलू भी डाल सकते हैं।

एक कटोरे में सिंघाड़े का आटा निकालें।

इसमें उबला आलू या केला डालें।

बारीक कटी हरी मिर्च, हरी धनिया, कद्दूकस किया हुआ अदरक, पिसी हुई काली मिर्च, जीरा और सेंधा नमक डालें।

सभी मिश्रण को अच्छे से मिलाएं।

इसमें पानी डालने की जरूरत नहीं है क्योंकि केला और आलू दोनों ही अच्छे से बाइंडिंग करते हैं।

कड़ा आटा गूंथ लें।

कढ़ाई में घी गर्म करें।

आटे की छोटी लोई तोड़ें।

इसे बेलन से बेलने की जरूरत नहीं पड़ती है। हाथ में हल्का सा पानी लगाएं और थपकी दे दे कर इसे पतला करते जाएं। बहुत अधिक पतला करने की भी जरूरत नहीं है। पूड़ी जैसा आकार आने तक इसे फैलाएं।

इस पूड़ी को ध्यान से गर्म घी में किनारे से सरका दें।

मध्यम से कम आंच पर इसे पकने दें।

जब ये सुनहरे रंग की हो जाएं तो इन्हें टिश्यू पेपर पर निकालें।

टमाटर की चटनी या आलू टमाटर की सब्जी के साथ सर्व करें।

Back to top button