जालंधर में बाइक सवारों ने बिजनेसमैन के साथ गुंडागर्दी की,पढ़े पूरी खबर

श्री राम चौक के नजदीक बाइक और कार की मामूली टक्कर के बाद बाइक सवारों ने जमकर गुंडागर्दी की। बाइक सवारों ने फिल्मी स्टाइल में गाड़ी के बोनट पर चढ़ कर पहले तो गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और बाद में कार चालक से मारपीट की। गुंडागर्दी करने वाले युवकों के खिलाफ थाना 4 में शिकायत दी गई है। जानकारी देते विनय नगर निवासी राजेश नंदा ने बताया कि वह बिजनेसमैन है। शनिवार की देर शाम वह श्री राम चौक के नजदीक से निकल रहे थे। इसी दौरान एक बाइक का फुटरैस्ट उनकी गाड़ी से टकरा गया। गलती भी बाइक चालक की थी जिस पर 3 युवक सवार थे। उक्त युवकों ने पहले तो जबरदस्ती उनकी वैन्यू गाड़ी रुकवाई और बाद में 2 युवक गाड़ी के बोनट पर चढ़ कर शीशे तोड़ने लगे जबकि तीसरे ने साइड वाले शीशे तोड़ दिए। किसी तरह उन्होंने अपनी रक्षा की और गाड़ी के बाहर आए।

इसी दौरान उन युवकों ने उन पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकियां देने लगे। राहगीरों की मदद से राजेश नंदा खुद का बचाव कर सके। राजेश नंदा ने कहा कि शहर में ऐसे अपराधिक किस्म के लोगों के कारण परिवारों का शहर में घूमना खतरे से खाली नहीं है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह चहल से मांग की कि देर शाम शहर में पी.सी.आर. टीमों की गश्त बढ़ा ऐसे असमाजिक तत्वों की धर पकड़ की जाए। राजेश नंदा ने बाइक का नंबर (पी.बी.08-एल-5056) नोट करके पुलिस को दे दिया है। पुलिस इन गुंडों की तलाश कर रही है।

Back to top button