शराब की दुकान पर शख्‍स को मिला ‘खजाना’, जानिए कैसे

अमीर होने की ख्‍वाह‍िश हर किसी की होती है. लोग इसके लिए वर्षों मेहनत करते हैं, लेकिन कुछ लोग किस्‍मत के धनी होते हैं, जो पलभर में अमीर बन जाते हैं. कैलिफोर्निया के रहने वाले एक शराब विक्रेता की कहानी भी कुछ ऐसी है. वर्षों पहले सीरिया से आए. किसी तरह गुजर बसर कर रहे थे. कुछ खास कामयाबी नहीं मिली तो शराब बेचने का काम शुरू किया. उसी दुकान पर लॉटरी भी रखकर बेचने लगे. पिछले कई साल से यह काम कर रहे थे, सिर्फ एक आस थी कि किसी न किसी दिन तो उनकी किस्‍मत साथ देगी. फ‍िर लक ने ऐसे साथ दिया कि पलभर में वह अमीर हो गए. उनके पास इतनी दौलत आ गई कि समझ नहीं पा रहे कि इतना पैसा कहां खर्च करें.
न्‍यूयॉर्क पोस्‍ट की रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिणी कैलिफ़ोर्निया के रहने वाले निदाल एंडी खलील ने अपने भाई के साथ मिलकर एक शराब स्‍टोर खोला है. वहीं पर लॉटरी भी बेचते हैं. लेकिन बुधवार को अचानक उनकी किस्‍मत तब बदल गई जब, उनकी दुकान से बेचा गया एक लॉटरी टिकट जैकपॉट में बदल गया. जिस शख्‍स ने यह पॉवरबॉल जैकपॉट जीता उसे 1.76 बिल‍ियन डॉलर यानी 146 अरब रुपये मिलेंगे. लेकिन टिकट बेचने के लिए खलील को भी इसका एक हिस्‍सा मिलेगा जो 1 मिलियन डॉलर यानी 8.32 करोड़ रुपये होगा. निदाल को अपनी किस्‍मत पर भरोसा नहीं हो रहा है. कभी पैसों के लिए परेशान रहे निदाल इस पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं.

विजेता की अभी हो रही तलाश
जैकपॉट विजेता अभी तक सामने नहीं आया है और उसकी तलाश की जा रही है. लेकिन चूंकि निदाल के स्‍टोर से यह ट‍िकट बेचा गया है, इसल‍िए उन्‍हें यह पुरस्‍कार मिलेगा. खलील से जब पूछा गया कि इतने पैसे का आप क्‍या करेंगे? आपकी पहली प्राथमिकता क्‍या है? कहां खर्च करेंगे? तो उन्‍होंने जो जवाब दिया वह सबके दिल को छू गया. निदाल ने कहा, मेरी ख्‍वाह‍िश सिर्फ इतनी है कि मेरे बच्‍चों के पास कॉलेज की पढ़ाई के लिए पर्याप्‍त धन हो ताकि मैं उन्‍हें अच्‍छी श‍िक्षा दिला सकूं.
30 साल से इसी उम्‍मीद में जी रहे थे
खलील ने न्‍यूयॉर्क पोस्ट को बताया कि जब उन्हें पता चला कि उनका एक कस्‍टमर जीत गया तो वह दंग रह गए. उन्होंने कहा, मुझे पहले तो इस पर विश्वास ही नहीं हुआ. दिमाग चकरा गया. लॉस एंजिल्स टाइम्स के अनुसार, खलील 1992 में कैलिफोर्निया आए थे. हर दिन इस उम्‍मीद में रहते थे कि कोई तो कस्‍टमर होगा जो जैकपॉट जीतेगा और उन्‍हें भी इसका इनाम मिलेगा. 30 साल से इसी उम्‍मीद में जी रहे थे. आखिरकार वह दिन आ गया. कैलिफ़ोर्निया लॉटरी के प्रवक्ता कैरोलिन बेकर ने कहा, हमें नहीं पता कि वह कौन आदमी है, जिसने यह जैकपॉट जीता है. शायद वह दोस्‍तों या पर‍िवार के अन्‍य सदस्‍यों के साथ लॉटरी खेलता हो.खलील के स्टोर पर जीत पिछले साल दक्षिणी कैलिफोर्निया में जीता गया तीसरा अरब डॉलर का जैकपॉट और इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा पावरबॉल पुरस्कार है.

Back to top button