यूपी में मौसम विभाग ने दो दिनों के लिए भीषण गर्मी की चेतावनी की जारी..

यूपी में चिलचिलाती गर्मी के बीच अब अगले दो दिनों तक लू के थपेड़े चलेंगे। मौसम विभाग ने दो दिनों का अलर्ट जारी करते हुए घर से संभलकर निकलने की सलाह दी है। कानपुर में पारा 40 तो वाराणसी में 43 पहुंच गया है। लखनऊ में भी पारा 42 के ऊपर जाने के संकेत हैं। ऐसे में लोगों को लू और गर्मी से बचाव करने की सलाह दी गई है।

सप्ताह भर से कानपुर का तापमान ऊपर – नीचे हो रहा है लेकिन लगातार बदलाव से मौसम में गर्मी बढ़ने के संकेत हैं। शनिवार को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले दो दिन कानपुर व आस-पास के क्षेत्रों में गर्म हवा चलने के आसार हैं। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है। कानपुर में अधिकतम तापमान बुधवार 17 मई को 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। इससे पहले 14 मई को तापमान 40 डिग्री पर था। बीच के दिनों में तापमान 38 से 40 के बीच में घूमता रहा है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार मौसम में तीव्र बदलाव हो रहा है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय हाेने के संकेत मिल रहे हैं लेकिन इसका असर 23 मई से होने की संभावना है। तब तक कानपुर व आस-पास के क्षेत्रों विशेषकर बुन्देलखंड में मौसम पूरी तरह से गर्म बना रहेगा। लू चलने की भी पूरी संभावना बनी हुई है। इसलिए अगले दो दिन लोगों को संभलकर रहने की जरूरत है। दोपहर के समय धूप में बिल्कुल न निकलें। मौसम का उतार-चढ़ाव भी मनुष्य व जीव-जन्तुओं के लिए बेहद प्रतिकूल है।
अभी दो दिन झेलनी होगी प्रचंड धूप
वाराणसी में बढ़ते तापमान ने प्रचंड रूप ले लिया है। शनिवार को यह 43 डिग्री सेल्सियस के निकट (42.7 डिग्री सेल्सियस) पहुंच गया। इसने वातावरण से नमी भी सोख ली। तपन व आंच का प्रभाव काफी तीक्ष्ण हो गया। अधिकतम तापमान में बीते 24 घंटे की अपेक्षा 1.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ऊपर चला गया। इसके विपरीत न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस कम होकर सामान्य से दो डिग्री नीचे चला गया। नतीजा आर्द्रता बीते 24 घंटे में तीन से आठ प्रतिशत घटकर 21 से 34 प्रतिशत पर आ गई।
परसों दोपहर बाद से बदल सकता मौसम का मिजाज
इससे दिन दहक उठा, दिशाएं जलने लगीं और धरती आग उगल रही है। चिलचिलाती धूप के चलते कमरे भट्ठी की तरह गर्म हो गए।रविवार को तापमान और बढ़ने तो सोमवार तक 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानें तो मंगलवार से बढ़ते तापमान पर ब्रेक लग सकता है। मौसम थोड़ा सुहाना होने के साथ धूल भरी आंधी और बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन उमस भरी चिपचिपी गर्मी का भी सामना करना पड़ सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ का हल्का प्रभाव व पुरुवा का मिश्रण बदल सकता मौसम
बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव बताते हैं कि मंगलवार दोपहर बाद से मौसम में परिवर्तन आ सकता है। प्रचंड गर्म की कारण बन रहे निम्न वायुदाब के चलते पश्चिमी विक्षोभ का हल्का सा प्रभाव पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी पड़ेगा। ठीक उसी समय बंगाल की खाड़ी की ओर से नमी लिए पुरुवा हवा भी इधर पहुंच सकती है। दोनों के मेल से उमस भरा मौसम होगा। बादल बनेंगे, फिर धूल भरी आंधी और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। इस तरह का मौसम कई दिन लगातार बना रह सकता है।





