महाराष्ट्र की NCP का अब कायाकल्प होने जा रहा है, जानें कैसे

महाराष्ट्र की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) का अब कायाकल्प होने जा रहा है। प्रखंड स्तर से लेकर राज्य और केंद्रीय स्तर तक पार्टी संगठन में आमूल-चूल बदलाव होने जा रहा है। पार्टी अध्यक्ष शरद पवार ने इसके संकेत दिए हैं। पार्टी अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा वापस लेने के एक पखवाड़े बाद एनसीपी प्रमुख शरद पवार पार्टी संगठन को पुनर्जीवित करने और आंतरिक पार्टी चुनाव कराने के लिए तैयार हैं। पवार ने इसके लिए पूर्व कैबिनेट मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को जिलेवार जिम्मेदारी दी है।

संगठन में फेरबदल का फैसला शरद पवार की अध्यक्षता में बुधवार को मुंबई के वाईबी चव्हाण सेंटर में हुई एक बैठक में लिया गया। बैठक में अगले साल होने वाले लोकसभा, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव और महाराष्ट्र सरकार के कामकाज सहित कई मुद्दों पर भी चर्ची हुई।

इस बैठक में विपक्ष के नेता अजित पवार, एनसीपी के केंद्रीय नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश एनसीपी अध्यक्ष अध्यक्ष जयंत पाटिल समेत छगन भुजबल, दिलीप वलसे पाटिल, सुनील तटकरे, जीतेंद्र आव्हाड, सुप्रिया सुले और फौजिया खान भी शामिल हुए। पार्टी की कोर कमेटी ने मुंबई के पूर्व पुलिस प्रमुख परम बीर सिंह के निलंबन को रद्द करने के शिंदे-फडणवीस सरकार के फैसले पर भी सवाल उठाया, जिसे उन्होंने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली एमवीए सरकार के पतन के लिए जिम्मेदार बताया।

Back to top button