जम्मू में The Kerala Story को लेके झड़प में पांच छात्र बुरी तरह से जख्मी..

जम्मू स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में द केरल स्टोरी फिल्म को लेकर देर रात बवाल हो गया। यहां छात्रों के दो गुटों में झड़प हो गई। इस झड़प में पांच छात्र बुरी तरह से जख्मी हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ को लेकर जीएमसी जम्मू के हॉस्टल में रात को दो गुटों में जमकर हंगामा हुआ। इस घटना में पांच विद्यार्थी घायल भी हुए। एमबीबीएस कर रहे एक विद्यार्थी ने द केरल स्टोरी फिल्म देखने को लिखा था। इसके बाद दोनों समुदायों से संबंध रखने वाले विद्यार्थियों में झड़प हो गई। इस मामले में जीएमसी बख्शीनगर में मामला भी दर्ज है

द केरल स्टोरी को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज जम्मू के हॉस्टल में हुई मारपीट में पांच छात्रों के जख्मी होने के साथ सियासत भी शुरू हो गई। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि भारत सरकार सिनेमा के जरिए सांप्रदायिक हिंसा को बढ़ावा दे रही है।

‘निर्दोषों का खून बहाया जा रहा है’

उन्होंने कहा कि सत्ता पाने की भाजपा की प्यास को बुझाने के लिए निर्दोषों का खून बहाया जा रहा है। वहीं, कश्मीर स्थित एक तथाकथित छात्र नेता संगठन ने घटना को लेकर कहा है कि जीएमसी जम्मू में कश्मीर छात्रों का एक दल जख्मी हो गया है। अलबत्ता, जख्मियों में सिर्फ एक ही कश्मीरी छात्र है, जबकि चार अन्य जम्मू के हैं।

बता दें कि घायलों की पहचान हसीब पुत्र सज्जाद हुसैन, अरुनेश पुत्र राजिंदर सिंह, अक्षित पुत्र कुलदेव, अनिकेत पुत्र सुरिंदर कुमार और उमर फारूक पुत्र फारूक हुस्सै के रूप में हुई है। जीएमसी में हुए बवाल के बाद छात्रों ने जीएमसी प्रिंसिपल के कार्यालय के बाहर भी धरना दिया। छात्रों ने परिसर में सांप्रदायिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई।

घटना पर क्या बोले उमर अब्दुल्ला

नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जीएमसी जम्मू में छात्रों के बीच हुई आपसी मारपीट पर गुस्सा जताते हुए अपने ट्वीटर हैंडल पर लिखा है कि जम्मू में कश्मीरी छात्रों को गुंडा तत्व निशाना बना रहे हैं। इस घटना का कड़ा नोटिस लेते हुए जिम्मेदार तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से आग्रह किया है कि इस मामले की समयबद्ध जांच होनी चाहिए और राजनीतिक कारणों से छात्रों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

Back to top button