देश के 236 शहरों में ONDC का विस्तार हुआ इस कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी..

ओएनडीसी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी टी कोशी ने कहा कि ई-कॉमर्स को उपभोक्ताओं के लिए अधिक समावेशी और सुलभ बनाने के उद्देश्य के साथ ओएनडीसी छोटे व्यापारियों की मदद कर रहा है। बता दें कि सरकार ने पिछले साल ओएनडीसी को लॉन्च किया था

 भारत सरकार के सहयोग से तैयार ऑनलाइन बिजनेस प्लेटफॉर्म ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) ने प्लटेफॉर्म पर 36,000 से अधिक व्यापारियों को जोड़ा है। साथ ही देश के 236 शहरों में इसका विस्तार हुआ है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। 

सरकार ने पिछले साल छोटे व्यवसायों और खुदरा विक्रेताओं के हित को ध्यान में रखते हुए ओएनडीसी लॉन्च किया था। 

ओएनडीसी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी टी कोशी ने कहा कि ई-कॉमर्स को उपभोक्ताओं के लिए अधिक समावेशी और सुलभ बनाने के उद्देश्य के साथ ओएनडीसी छोटे व्यापारियों की मदद कर रहा है। उन्होंने कहा कि नेटवर्क में धीरे-धीरे लेनदेन की प्रक्रियाओं में तेजी दिखाई दे रही है।

”कैब ऑपरेटरों के साथ चल रही बात”

टी कोशी ने बताया कि कंपनी दक्षिण भारत के दो शहरों में सफलतापूर्वक मोबिलिटी ऑपरेशन शुरू करने के बाद कम से कम चार शहरों में परिचालन शुरू करने के लिए कैब ऑपरेटरों के साथ बातचीत कर रही है। उन्होंने बताया कि 55,000 से अधिक कैब मालिक पहले ही नेटवर्क से जुड़ चुके हैं और एक दिन में करीब 35,000 हजार उपभोक्ता इसका इस्तेमाल कर रहे हैं।

तेलंगाना फोर व्हीलर ड्राइवर्स एसोसिएशन के प्रमुख और एक टैक्सी ड्राइवर शेख सलाउद्दीन ने बताया कि प्लेटफॉर्म ने कैब मालिकों को अन्य प्लेटफॉर्म पर दिए जाने वाले भारी कमीशन से राहत देते हुए सेवाएं प्रदान करने और यात्रियों को कम दरों की यात्रा पेशकश करने में मदद की है।

ओएनडीसी का लक्ष्य है कि 1.4 अरब आबादी वाले देश में अगले दो सालों में ई-कॉमर्स पैठ को उपभोक्ता खरीद के लिए 25 फीसदी तक बढ़ाना है, जो मौजूदा समय में महज 8 फीसदी है। 

गौरतलब है कि सरकार ने मंगलवार को कहा था कि मौजूदा समय में सरकारी डाक सेवा के पास तकरीबन 1.60 लाख डाकघरों का नेटवर्क है। ऐसे में देशभर के छोटे व्यापारियों को रसद सेवाएं प्रदान करने के लिए डाक सेवा भी ओएनडीसी नेटवर्क में शामिल होगी।

Back to top button