गठबंधन को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई- नवीन पटनायक

साल 2021 में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ओडिशा के समकक्ष नवीन पटनायक के लिए एक लेख लिखा था, जिसमें कहा गया था, ‘आमतौर पर लोग ताकत और समय के साथ बदल जाते हैं। लेकिन वह नहीं बदले। नवीन बाबू, जिन्हें मैंने जैसा 50 साल की उम्र में देखा था, वह आज भी वैसे ही हैं।’ मौजूदा सियासी घटनाक्रमों से भी संकेत मिल रहे हैं कि सीएम पटनायक ने राजनीति करने के अपने तरीके को नहीं बदला है। शायद यही वजह रही कि उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव के लिए विपक्षी गठबंधन का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया। हालांकि पटनायक के फैसले के और भी सियासी और वैचारिक कारण नजर आते हैं।

ओडिशा पहुंचे सीएम कुमार ने तटीय राज्य और पटनायक के साथ पुराने रिश्ते याद कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन बाहर आते ही पत्रकारों के सामने पटनायक ने साफ कर दिया था कि गठबंधन को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।
क्यों नहीं बनी बात?
21 लोकसभा सीटों वाले ओडिशा का गणित समझें, तो यहां 12 बीजू जनता दल, 8 भारतीय जनता पार्टी और 1 कांग्रेस के पास हैं। कहा जा रहा है कि गठबंधन से इनकार की बड़ी वजह पटनायक की भाजपा और कांग्रेस से दूरी बनाकर रखने की नीति रही। एक मीडिया रिपोर्ट में जनता दल (यूनाइटेड) या JDU के सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि पटनायक के गठबंधन में आने से हो सकता था कि उनका जन समर्थन भाजपा के साथ चला जाए। ऐसे में उनके फैसले को समझा जा सकता है।





