संजय सिंह ने कहा है कि यह बात कांग्रेस से पूछी जानी चाहिए कि अजय माकन के भाजपा से क्या रिश्ता है..

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन के आरोप पर आम आदमी पार्टी (आप) नेता व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा है कि यह बात कांग्रेस से पूछी जानी चाहिए कि अजय माकन के भाजपा से क्या रिश्ता है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बंगले के नवीनीकरण पर 171 करोड़ खर्च करने और तमाम नियमों का उल्लंघन करने का दावा करने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन के आरोप पर आम आदमी पार्टी (आप) नेता व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा है कि यह बात कांग्रेस से पूछी जानी चाहिए कि अजय माकन के भाजपा से क्या रिश्ता है।
“अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से अलग बयान दे रहे माकन”
वह प्रधानमंत्री के बंगले पर खर्च हो रहे 1300 करोड़ के मुद्दे को क्यों नहीं उठाते, वह अदाणी के घोटाले की जांच जेपीसी से कराने की बात क्यों नहीं उठाते। माकन अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से अलग बयान क्यों दे रहे हैं। इस पर कांग्रेस ही बता पाएगी।
इसके साथ ही राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भी शराब घोटाले में मिली दो लोगों की जमानत को आधार मानते हुए इस घोटाले को फर्जी करार दिया। कहा कि अब भाजपा के उन लोगों को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए जो कह रहे थे कि शराब घोटाला हुआ है।
उन्होंने कहा कि अदालत ने छह मई को दो लोगों को जमानत देते हुए कह दिया है कि उन्हें घोटाले के कोई सुबूत नहीं मिले हैं। गोवा चुनाव में 100 करोड़ कहने के बाद ईडी 30 करोड़ पर आई और उसके बाद भी यह 30 करोड़ का घोटाला भी सिद्ध नहीं कर पाई है। कहा गया कि गोवा चुनाव में 100 करोड़ खर्च किए गए, वह ईडी की जांच में 19 लाख निकले हैं।
भाजपा नेता वीरेंद्र सचदेवा ने किया पलटवार
आप नेता संजय सिंह की प्रेस वार्ता को लेकर दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “संजय सिंह असली सच छुपा रहे हैं, वो कोर्ट के ऑब्जर्वेशन का एक प्वाइंट पकड़ रहे हैं। वह पैरा-80 को पूरा नहीं पड़ रहे हैं जिसमें बेल के साथ साथ कहा गया है कि कोर्ट के केस की मेरिट पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। वह पैरा 37 के बारे में क्यों नहीं बताते हैं जिसमें मनीष सिसोदिया को इस पूरी आपराधिक साजिश का आर्किटेक्ट बताया गया है।”





