जेपी नड्डा रविवार को कर्नाटक के बेंगलुरु में द केरल स्टोरी फिल्म की एक विशेष स्क्रीनिंग में लेंगे भाग

‘द केरल स्टोरी’ फिल्म विवाद के बीच, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार को कर्नाटक के बेंगलुरु में फिल्म की एक विशेष स्क्रीनिंग में भाग लेंगे। फिल्म की स्क्रीनिंग आज रात 8 बजकर 45 मिनट पर गरुड़ मॉल में किया जाएगा।

तेजस्वी सूर्या ने किया ट्वीट
भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने ट्विटर पर कहा, ‘केरल स्टोरी’ केरल और देश के अन्य हिस्सों में हमारे समय के सामाजिक मुद्दों को प्रतिबिंबित करने वाली एक महत्वपूर्ण फिल्म है। इसमें हमारी युवा महिलाओं के लिए एक मुख्य संदेश है। हम बेंगलुरु की युवा छात्राओं को आज शाम 8:45 बजे आईनॉक्स, गरुड़ मॉल, एमजी रोड पर फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा जी के साथ शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।’
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
इससे पहले चुनावी राज्य कर्नाटक में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि ‘द केरला स्टोरी’ फिल्म आतंकी साजिश पर आधारित है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ आतंकवाद के कुरूप सच को दिखाती है और आतंकवादियों के मंसूबों का पर्दाफाश करती है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस ने वोट बैंक के लिए आतंकवाद को ढाल दिया है।
केरल के CM का बयान
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने पहले एक बयान में कहा था कि फिल्म को जानबूझकर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के उद्देश्य से और केरल के खिलाफ नफरत फैलाने के उद्देश्य से बनाया गया है। इस बीच, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फिल्म को राज्य में कर मुक्त कर दिया है। यह फिल्म सुदीप्तो सेन द्वारा निर्देशित और विपुल अमृतलाल शाह द्वारा निर्मित की गई है। इस फिल्म के रिलीज होने के बाद से ही राजनीतिक विवाद बढ़ गया है।
फिल्म की हो रही आलोचना
‘द केरला स्टोरी’ में अदा शर्मा, योगिता बिहानी, सिद्धि इडनानी और सोनिया बलानी मुख्य भूमिकाओं में हैं। सेन की फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ के ट्रेलर की काफी आलोचना भी हुई थी। इसमें दावा किया गया था कि राज्य की 32,000 लड़कियां लापता हो गई और बाद में आतंकवादी समूह, आईएसआईएस में शामिल हो गई। जब इस पर विवाद बढ़ा तो निर्माताओं ने इस आंकड़े को कम कर दिया और फिल्म में केवल केरल की तीन महिलाओं की कहानी को दर्शाया।





