सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए जम्मू का दौरा कर रहे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह…

जम्मू-कश्मीर आज लगातार चौथे दिन एनकाउंटर जारी है। कल हुए मुठभेड़ में सेना के पांच जवान शहीद हो गए थे। आज सुबह-सुबह बारामुला में सुरक्षाबलों ने एक आतंकवादी को ढेर कर दिया है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे के साथ जम्मू सेक्टर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए जम्मू का दौरा कर रहे हैं। उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी पहले से ही ग्राउंड जीरो पर हैं।

जम्मू-कश्मीर के बारामूला में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में आतंकवादी ढेर
जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में शनिवार को सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के दौरान एक आतंकवादी को मार गिराया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बारामूला के करहामा कुंजर इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद घेराबंदी और तलाश अभियान शुरू किया गया था। आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलियां चलाईं जिसके जवाब में सुरक्षा बलों ने भी गोलीबारी की, जिससे यह मुठभेड़ में तब्दील हो गई। अधिकारी ने बताया कि जवाबी गोलीबारी में एक आतंकवादी मारा गया। मारे गए आतंकवादी की पहचान और वह किस संगठन से जुड़ा था, इसका पता लगाया जा रहा है।
राजौरी में फिर से गोलीबारी शुरू
राजौरी जिले में सुरक्षा बलों द्वारा आतंकवादियों का पता लगाए जाने के बाद शनिवार तड़के फिर से गोलीबारी शुरू हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सेना के उत्तरी कमान के एक बयान के अनुसार, पिछले महीने जम्मू क्षेत्र में भाटा धूरियन के तोता गली इलाके में सेना के ट्रक पर घात लगाकर हमला करने में शामिल आतंकवादियों के एक समूह को खत्म करने के लिए सैन्य कर्मी लगातार खुफिया-आधारित अभियान चला रहे हैं। रक्षा जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने कहा, “राजौरी सेक्टर के कांडी वन में जारी अभियान के दौरान शुक्रवार देर रात एक बजकर 15 मिनट पर आतंकवादियों का पता चला और इसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई।”





