भारतीय मूल के अजय बंगा को आज विश्व बैंक का अगला अध्यक्ष चुना गया…

भारतीय मूल के अजय बंगा को आज विश्व बैंक का अगला अध्यक्ष चुना गया है। वह डेविड मलपास की जगह लेंगे। डेविस मलपाल ने इस साल फरवरी में पद छोड़ने की घोषणा की थी। विश्व बैंक के 25-सदस्यीय कार्यकारी बोर्ड ने बुधवार को मास्टरकार्ड के पूर्व सीईओ अजय बंगा को अध्यक्ष के रूप में पांच साल के कार्यकाल के लिए चुना। अजय बंगा 2 जून से अपना पद संभालेंगे। अजय बंगा को विश्व बैंक का अध्यक्ष बनाने के लिए समर्थन देने पर चीन ने इस साल मार्च के महीने में संदेह जताया था। चीन ने कहा था कि इस पद के लिए योग्यता के आधार पर अन्य संभावित उम्मीदवारों को समर्थन देने का विकल्प खुला है। उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने 63 साल के बंगा को विश्व बैंक के अध्यक्ष पद के लिये नामित किया था।

कौन हैं अजय बंगा
अजय बंगा का पूरा नाम अजयपाल बंगा है, वह मौजूदा वक्त में जनरल अटलांटिक में वाइस चेयरमैन के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने इससे पहले 11 साल तक मास्टरकार्ड के अध्यक्ष और सीईओ का पद संभाला था। 63 साल अजय बंगा के नेस्ले एसए में अपना करियर शुरू किया। जहां उन्होंने मार्केटिंग, सेल्स और मैनेजमेंट में एक दशक से अधिक समय तक काम किया और अलग अलग कंपनियों में अहम भूमिका निभाई।
सेना के अधिकारी के घर हुआ था जन्म
अजय बंगा एक भारतीय सेना अधिकारी के बेटे हैं। बचपन में उनके पिता का ट्रांसफर होता रहा इस वजह से उन्हें देश के अलग जगहों पर घूमने का मौका मिला। उनका जन्म पुणे की खड़की छावनी में हुआ था और उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन और आईआईएम अहमदाबाद में एमबीए किया था।
पद्म श्री से सम्मानित
2008 में, अजय बंगा को एशिया-प्रशांत क्षेत्र के सिटीग्रुप का प्रमुख नामित किया गया था। उन्होंने 2009 में अध्यक्ष और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर के रूप में मास्टरकार्ड में शामिल होने के लिए पद छोड़ दिया। मास्टरकार्ड ने अजय बंगा को एक साल से भी कम समय तक के लिए सीईओ के रूप में काम किया।
अजय बंगा को व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में 2016 में भारत सरकार की तरफ से पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। उन्हें 2012 में फॉरेन पॉलिसी एसोसिएशन मेडल से भी सम्मानित किया गया था।





