माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद से जेल में मुलाकात अब आसान नहीं, निगरानी बढ़ी

माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद से जेल में मुलाकात अब आसान नहीं है। नैनी जेल प्रशासन ने अली की निगरानी बढ़ा दी है। वैसे जेल सूत्रों का यह भी कहना है कि काफी समय से अली से मिलने उसके वकीलों के अलावा कोई और नहीं आया है। वकील जरूरत के हिसाब से अली से मुलाकात करते रहते हैं। 

बता दें कि तीन दिन पहले ही अली के नाम से एक पर्चा प्रसारित किया गया था जिसमें निकाय चुनाव में भाजपा और समाजवादी पार्टी को वोट नहीं देने की अपील की गई थी। इसके साथ ही अतीक और अशरफ की हत्‍या के लिए सीएम योगी आदित्‍यनाथ और पूर्व सीएम अखिलेश यादव को जिम्‍मेदार ठहराया गया था।

अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद की 15 अप्रैल को पुलिस कस्‍टडी में हत्‍या हो गई थी। इसके दो दिन पहले ही अतीक के तीसरे नंबर के बेटे असद को पुलिस ने झांसी में एक एनकाउंटर में मार गिराया था। अतीक का बेटा उमर लखनऊ जेल में और अली प्रयागराज जेल में बंद है। जबकि अतीक की पत्‍नी शाइस्‍ता परवीन फरार चल रही है। उस पर पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा है।

पर्चा प्रसारित होने के बार सेंट्रल जेल में बंद अली अहमद से मुलाकातों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके साथ ही जेल प्रशासन ने अली की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है। अली ने पिछले साल पांच करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में आत्‍मसमर्पण किया था। वह तभी से जेल में बंद है। 24 फरवरी को प्रयागराज में उमेश पाल हत्याकांड के बाद भी अली की निगरानी बढ़ा दी गई थी। उसे तभी से हाई सिक्योरिटी सेल में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है।

Back to top button