झारखंड में अवैध बालू खनन के खिलाफ टास्क फोर्स ने की कार्रवाई…

-विवेक अवस्थी

बालू के अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ शनिवार को रांची समेत राज्य के सभी जिलों में छापेमारी की गई। इस दौरान 1 लाख 21 हजार 945 घन फीट बालू जब्त किया गया। इसके अलावा 39 लोगों को गिरफ्तार किया गया। 309 वाहन भी जब्त किए गए। खनन विभाग के निर्देश पर अवैध खनन की रोकथाम के लिए जिलों में बनी टास्क फोर्स ने यह छापेमारी की।

जानकारी के अनुसार, खनन विभाग की ओर से शनिवार को सभी जिलों में बालू के अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। इसके बाद सभी जिलों की टास्क फोर्स ने जिला खनन पदाधिकारी और प्रखंडों के बीडीओ, सीओ व बड़ी संख्या में पुलिस बल को साथ लेते हुए दोपहर से छापेमारी शुरू की जो देर शाम तक जारी रही।

रांची के छह प्रखंडों में छापेमारी रांची के ओरमांझी, नगड़ी, सोनाहातू, बुंडू, राहे और बुढ़मू प्रखंड में टीम ने छापेमारी की। यह छापेमारी एक साथ छापेमारी शुरू की गयी। ओरमांझी में ही 15 लोगो को गिरफ्तार किया गया। आधा दर्जन से अधिक वाहन और मशीनें जब्त की गयीं। 11 लाइसेंसी स्टोन माइंस के भंडारण की मापी की गयी। इसके संचालकों को शो कॉज किया गया। बुढ़मू के छापर में 40000 घनफीट बालू स्टॉक पाया गया। जिसे जब्त कर लिया गया। बालू सुरक्षित रखने के लिए बुढ़मू थाना को सुपूर्द किया गया है। नगड़ी में स्टोन चिप्स लदे दो हाइवा, एक टर्बो, एक बालू लदा हाइवा जब्त किया गया। बुंडू में दो ट्रैक्टर जब्त किए गए। सोनाहातू के वनडीह में 30000 घनफीट और जरियामोड़ में 15000 घनफीट अवैध बालू का स्टॉक जब्त कर प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

रांची में छापेमारी के दौरान 15 लोगों को दबोचा

छापेमारी के दौरान सबसे अधिक रांची जिले में 86 हजार घनफीट बालू जब्त किया गया। सबसे अधिक 15 लोगों की गिरफ्तारी भी रांची में ही हुई। इसके अलावा गिरिडीह व धनबाद में नौ- नौ, देवघर और खूंटी में दो -दो और लोहरदगा में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा पाकुड़ में भी एक को पकड़ा गया।

धनबाद में छापेमारी टीम को कुचलने की कोशिश, देवघर में पीटा

अवैध बालू खनन के खिलाफ शनिवार को चलाए गए अभियान के दौरान धनबाद और देवघर में इस धंधे से जुड़े लोगों ने छापेमारी टीम पर हमला बोला। संबंधित थानों में इसको लेकर मामला दर्ज कराया गया है। देवघर में हमलावरों ने टीम के साथ मारपीट की और बालू लदे चार ट्रैक्टर को लेकर भाग गए। इधर, धनबाद में आईएसएम गेट के समीप तस्करों ने जांच टीम को कुचलने का प्रयास किया। खनन विभाग की ओर से धनबाद थाने में अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। आवेदन के अनुसार आईएसएम गेट के समीप एक 407 चालक दयाल सागर मंडल को रोकने की कोशिश की गई तो सशस्त्र बल को कुचलने का प्रयास किया। बालू लदे वाहने के धक्के से कार्यालय का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

Back to top button